अयोध्या में 22 जनवरी 2024 में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम है। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले उद्धव गुट वाली शिवसेना के सांसद संजय राउत ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोला है।
हम बाद में जाएंगे अयोध्या - संजय राउत
संजय राउत ने कहा कि, पूरे देश में विपक्ष के नेताओं से पूछा जा रहा है कि, क्या आपको न्योता आया, क्या आपको न्योता आया, ये सब क्या है? उन्होंने आगे कहा कि, वहां ( यूपी) बीजेपी की सत्ता है। मुझे लगता है की प्रभू श्री राम को एक तरह से किडनैप कर लिया गया है। तंज भरे लहजे में संजय ने कहा कि, हम क्या भाजपा के न्योते के इंतजार में बैठे हैं। जब भारतीय जनता पार्टी का कार्यक्रम समाप्त हो जाएगा उसके बाद हम अयोध्या रामलला के दर्शन के लिए जाएंगे।
भाजपा कौन होती है रामलला का निमंत्रण देने वाली?
भारतीय जनता पार्टी पर बरसते हुए शिवसेना ( उद्धव गुट ) के सीनियर नेता संजय राउत ने कहा कि, भाजपा कौन होती है रामलला का निमंत्रण देने वाली? जब भाजपा का राजनीतिक कार्यक्रम खत्म हो जायेगा तब हम अयोध्या जाएंगे। ये देश का राष्ट्रीय कार्यक्रम नहीं है। बीजेपी के प्रोग्राम में कौन जाए। अयोध्या में जो हो रहा है वो भारतीय जनता पार्टी का कार्यक्रम है। ये कोई राम लला के लिए प्रोग्राम नहीं है। इसके अलावा उन्होंने आगे कहा कि, बीजेपी का न तो राम से नाता है और न ही उनके विचार से नाता है।
हम राहुल गांधी का स्वागत करेंगे
पत्रकारों के द्वारा अयोध्या स्टेशन का नाम बदलने को लेकर राउत से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि, अच्छी बात है स्टेशन का नाम बदला है। इसका विरोध नहीं करना चाहिए लेकिन आप विकास तो करें। कांग्रेस की ‘भारत न्याय यात्रा’ को लेकर उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने कहा कि, अब इस देश से सत्य, न्याय को बचाने का काम करना है। हम राहुल गांधी का स्वागत करेंगे।
Comments (0)