गोवा: गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के साथ गोवा की पूरी कैबिनेट रामलला के दरबार में पहुंची और दर्शन-पूजन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ आए सभी 51 सदस्यों ने रामलला के चरणों में माथा टेका। बृहस्पतिवार दोपहर को सभी अयोध्या एयरपोर्ट पर उतरे तो परंपरागत अंदाज में उनका भव्य स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट पर मीडिया से रूबरू हुए
इससे पहले महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके साथ केंद्रीय मंत्री पज्जे नायक भी आए हैं। वे कारसेवक रह चुके हैं। अयोध्या में उन्होंने दो बार कारसेवा की है। सीएम प्रमोद सांवत ने कहा कि रामलला के दर्शन करने के लिए कैबिनेट के साथ अयोध्या आया हूं। केंद्रीय मंत्री और स्पीकर भी उनके साथ हैं। कहा कि आज मन बहुत प्रसन्न है। मैं अपने आप को बहुत खुशनसीब समझता हूं कि रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या में हूं। कहा कि गोवा की तरफ से मैं रामलला के दर्शन कर रहा हूं।
राम मंदिर नहीं, यह राष्ट्र का मंदिर है
सावंत ने कहा कि पीएम मोदी का अभिनंदन करता हूं, जिन्होंने अयोध्या में प्रभु राम का मंदिर बनाया है। उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर पूरा गोवा राम मय हुआ था। गोवा के हर मंदिर में राम पूजन हुआ था। पूरे गोवा में प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव मनाया गया था। अयोध्या का राम मंदिर नहीं, बल्कि यह राष्ट्र का मंदिर है। प्रभु राम की नगरी में रामलला के दर्शन का मौका मिला है।
Comments (0)