26 अप्रैल 2024 को लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग होगी। 12 राज्यों और केंद्र शासित राज्यों की 88 लोकसभा सीटों पर 1206 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जहां एक तरफ बीजेपी वाला NDA गठबंधन चुनावी दंगल में ताल ठोक रहा है तो दूसरी ओर I.N.D.I.A गठबंधन चुनावी रण में पूरी ताकत के साथ जनता के बीच जा रहा है। वहीं आज झारखंड की राजधानी रांची में इंडी गठबंधन के नेताओं का जमावड़ा लगा है।
आदिवासी समाज भाजपा के खिलाफ वोट देगा
उलगुलान न्याय रैली के जरिए सत्ताधारी पार्टी बीजेपी को घेरने की रणनीति बनाई गई है। इस रैली में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। आप नेता ने कहा कि, 2024 के लोकसभा चुनाव में देश का आदिवासी समाज भारतीय जनता पार्टी की जमानत जब्त करने का काम करेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा आगे अपने संबोधन में कहा कि, पूरे देश का आदिवासी समाज भाजपा के खिलाफ वोट देगा। वह यह सुनिश्चित करेगा कि, इनकी सभी सीटों पर जमानत जब्त हो।
नरेंद्र मोदी तानाशाही से देश चलाना चाहते हैं
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि, नरेंद्र मोदी तानाशाही से देश चलाना चाहते हैं। वह सभी विपक्षी नेताओं को जेल में डाल देना चाहते हैं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल व हेमंत सोरेने के साथ भी यही किया है। आप सांसद ने कहा कि, यह देश संविधान को खत्म कर नागपुर का संविधान लागू करना चाहते हैं। नागपुर का संविधान दलितों, पिछड़ों का हक को बदल देगा। यह लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश है।
मोदी जी अडानी के लिए काम करेंगे
संजय सिंह ने उलगुलान न्याय रैली को संबोधित करते हुए कहा कि, इंडिया गठबंधन भारत के लिए काम करेगा। मोदी जी अडानी के लिए काम करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में '400 पार', '200 पार', दिल्ली में '35 पार', झारखंड में '65 पार' जैसे नारे देकर लोगों को गुमराह किया। आप सांसद ने आगे कहा कि, 400 पार' का नारा फर्जी है। इस बार आपको उन्हें 'ताड़ी पार, ताड़ी पार' कहना चाहिए।
Comments (0)