Telangana Election: तेलंगाना की सभी 119 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। इस चुनाव में करीब 2300 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति-बीआरएस, कांग्रेस और बीजेपी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह सात बजे से मतदान शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। 35,655 मतदान केंद्रों पर 1.85 लाख से अधिक मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है और 22 हजार माइक्रो पर्यवेक्षक चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। कुल 3.26 करोड़ मतदाता 119 विधानसभा सीटों के लिए गुरुवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार 2290 उम्मीदवार राज्य के चुनावी रण में अपनी किस्मत अजमा रहे हैं।
पोलिंग बूथों पर लंबी लाइनें
बता दें कि भारतीय निर्वाचन आयोग की तरफ से 9 अक्टूबर को देश के पांच राज्यों मिजोरम, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए पूरे कार्यक्रम की घोषणा की गई थी। इनमें से 7 नवंबर को पहले चरण में मिजोरम में और छत्तीसगढ़ की 20 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। 17 नवंबर को दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ की बाकी बची 70 सीटों पर तो मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों पर मतदान हुआ। इसके बाद हाल ही में 25 नवंबर को राजस्थान की 200 में 199 सीटों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। अब सिर्फ तेलंगाना ही बाकी बचा है और यहां भी वो घड़ी आ ही गई, जबकि पोलिंग बूथों पर लाइनें लगी दिखाई देंगी। राज्य में कुल 3 करोड़ 26 लाख दो हजार 799 मतदाताओं में से से 1.62 करोड़ पुरुष, 1.63 करोड़ महिला और 2676 ट्रांसजेंडर वोटर्स हैं। 15,406 सर्विस वोटर्स हैं तो 2944 अनिवासी भारतीय मतदाता हैं। इनमें से 9.99 लाख युवा पहली बार वोट डालेंगे।
राज्य का राजनैतिक गणित
राज्य में इस वक्त भारत राष्ट्र समिति (BRS) सत्ता में है। के चंद्रशेखर के नेतृत्व में उनकी पार्टी सत्ता में बने रहने के लिए तो BJP और कांग्रेस सत्ता में आने के लिए जोर लगा रही हैं। कुल 2,290 उम्मीदवारों के बीच भारत राष्ट्र समिति के प्रमुख के चंद्रशेखर राव, उनके बेटे केटी रामा राव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी, भाजपा के लोकसभा सदस्य बंदी संजय कुमार, डी अरविंद और सोयम बापुराव की राजनैतिक साख दांव पर लगी हुई है। सीएम केसीआर गजवेल और कामारेड्डी से चुनाव लड़ रहे हैं। रेवंत रेड्डी कोडंगल और कामारेड्डी से मैदान में हैं तो भाजपा अपने गजवेल के विधायक एटाला राजेंद्र को यहां के अलावा हुजूराबाद से भी चुनाव लड़ा रही है।
Comments (0)