नई दिल्ली. केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग यानी 8th Pay Commission को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि नई सैलरी का फायदा आखिर कब से मिलना शुरू होगा। वेतन आयोग की प्रक्रिया सिर्फ रिपोर्ट तैयार होने तक सीमित नहीं है। आयोग को अपनी रिकमेंडेशन देने के बाद भी सरकार की समीक्षा मंजूरी और नोटिफिकेशन जैसी कई प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। इसलिए रिपोर्ट जमा होने और सैलरी में वास्तविक बदलाव दिखने के बीच कुछ महीनों का अंतर हो सकता है। 8वें पे कमीशन को अपनी रिपोर्ट तैयार करने के लिए कुल 18 महीने का समय दिया गया है। इस अवधि में करीब 11 महीने पूरे हो चुके हैं और आयोग फिलहाल एम्पलायी व पेंशनर्स संगठन के साथ बातचीत कर रहा है।
देशभर में चल रही बैठकें
अब तक देश के कई शहरों में बैठकें हो चुकी हैं। अगली मीटिंग बेंगलुरु में 7-8 अक्टूबर और इसके बाद मुंबई में 22-23 अक्टूबर को प्रस्तावित हैं। आयोग ने दिल्ली कोलकाता भुवनेश्वर लखनऊ श्रीनगर हैदराबाद पुणे देहरादून चेन्नई जयपुर पुडुचेरी और चंडीगढ़ समेत कई स्थानों पर स्टेकहोल्डर्स से चर्चा की है। हालांकि रिपोर्ट कब जमा होगी इसकी आधिकारिक तारीख अभी तय नहीं है। कुछ एक्सपर्ट का अनुमान है कि बातचीत नवंबर तक पूरे होने पर रिपोर्ट फरवरी या मार्च 2027 में आ सकती है जबकि एक अन्य अनुमान के मुताबिक आयोग अपनी रिपोर्ट मई 2027 की डेडलाइन तक जमा कर सकता है।
रिपोर्ट के बाद तुरंत सैलरी नहीं बढ़ेगी
कर्मचारियों को यह समझना जरूरी है कि पे कमीशन की रिपोर्ट सबमिट होने का मतलब यह नहीं है कि अगले ही महीने सैलरी बढ़ जाएगी। रिपोर्ट में दी गई रिकमेंडेशन को पहले सरकार की तरफ से एग्जामिन किया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से गठित मिनिस्टर्स का ग्रुप रिपोर्ट की समीक्षा कर सकता है और जरूरत पड़ने पर आयोग से क्लेरिफिकेशन या बदलाव की मांग भी की जा सकती है। समीक्षा पूरी होने के बाद कैबिनेट की मंजूरी और आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होना आवश्यक है।
लाभ कब से लागू होने की संभावना
पिछले वेतन आयोगों के अनुभव के अनुसार रिपोर्ट जमा होने के कई महीने बाद नई सैलरी लागू होती है। कई बार लाभ पूर्वव्यापी यानी रेट्रोस्पेक्टिव तारीख से दिए जाते हैं। 8वें वेतन आयोग के मामले में भी रिपोर्ट आने के बाद सरकार की प्रक्रिया पूरी होने में समय लग सकता है। कर्मचारी संगठनों की मांगों और फिटमेंट फैक्टर जैसे मुद्दों पर चर्चा जारी है। आयोग की सिफारिशें अंतिम नहीं होतीं बल्कि सरकार उन्हें संशोधित भी कर सकती है।
कर्मचारियों के लिए इंतजार और सतर्कता
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा। अनुमानों के अनुसार 2027 के मध्य तक रिपोर्ट आने और उसके बाद कुछ महीनों में नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना है। नई सैलरी का वास्तविक लाभ कब से मिलेगा यह सरकार के अंतिम फैसले पर निर्भर करेगा। कर्मचारी संगठनों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें और अफवाहों से बचें। 8वें वेतन आयोग की प्रक्रिया पारदर्शी और विस्तृत चल रही है जिससे अंतिम सिफारिशें संतुलित आने की उम्मीद है।