महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के पीएम बनने के सवाल पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने जवाब देते हुए कहा कि, इंडिया अलायंस में सभी पार्टी के प्रमुख लोग शामिल हैं। वह पीएम का नाम तय करेंगे। उद्धव ठाकरे ऑप्शन क्यों नहीं हो सकते? वह महाराष्ट्र के सीएम रहे हैं और अच्छा चेहरा है। इंडिया गठबंधन में में बहुत सारे चेहरे हैं, उसमें से उद्धव ठाकरे एक हैं।
भारतीय जनता पार्टी में तो एक ही चेहरा है
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने अपने बयान में आगे कहा कि, अगर हमें देश का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी मिलती है, तो हम उसका स्वागत करेंगे। इंडिया अलायंस में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है। इसके साथ और भी दल हैं, जो अपने-अपने राज्यों में चुनाव लड़ रहे हैं। उनके भी नेता हैं। ऐसे में नेतृत्व कौन करेगा, यह अब सवाल नहीं है, तानाशाही को हराना है। संजय राउत ने आगे कहा कि, भारतीय जनता पार्टी में तो एक ही चेहरा है। वही चेहरा 10 साल से चल रहा है और अब लोग उनको एक्सेप्ट नहीं करने जा रहे हैं। पीएम मोदी और उनकी पार्टी बुरी तरीके से चुनाव हारने जा रही है।
नाना पटोले की बातों पर ज्यादा ध्यान मत दीजिए
वहीं कांग्रेस नेता नाना पटोले के बयान पर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने पलटवार करते हुए कहा कि, उनकी बातों पर ज्यादा ध्यान मत दीजिए। राहुल गांधी के साथ हमारे अच्छे रिलेशन हैं। यह पीएम पद का झगड़ा नहीं है। यह कांग्रेस वालों को समझ में नहीं आ रहा है। इसके साथ ही राउत ने आगे कहा कि, राहुल गांधी देश के नेता है। अगर राहुल गांधी पीएम बनना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है लेकिन और भी चेहरे हैं। इस रेस में ममता बनर्जी, खड़गे, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे हैं। किसी का नाम लेना गुनाह नहीं हैं। संजय ने आगे कहा कि, हमारे पार्टी के नेता का अगर कोई नाम लेता है, तो उसमें गलत क्या है? संजय राउत ने कहा कि इसमें मिर्ची लगने की जरूरत नहीं है।
Comments (0)