गुवाहाटी: असम के काजीरंगा में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। गोलाघाट जिले के रोंगाजान इलाके में एक मिनी बस और ट्रेलर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हैं। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने हादसे पर दुख जताया है।
बस-ट्रक की टक्कर में 23 लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, हादसा असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा के पास रोंगाजान इलाके में हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रैवलर मिनी बस सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री उसमें फंस गए।
बस में 35 से ज्यादा यात्री थे सवार
हादसे के समय मिनी बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।घायलों को मडॉल अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए बोकाखाट और जोरहाट के अस्पतालों में रेफर किया गया है।
तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने से हादसे की आशंका
गोलाघाट के SSP स्वप्ननील डेका के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि मिनी बस काफी तेज रफ्तार में थी। पुलिस को आशंका है कि कंटेनर ट्रक से टकराने से पहले ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण हट गया था।
CM सरमा ने जताया हादसे पर दुख
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने भावुक प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, आज काजीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से मुझे गहरा आघात लगा है. इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है. जिन परिवारों ने अपनों को खोया है. उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. कोई भी शब्द उनके दुख को पाट नहीं सकता. लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं है. दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है. इसके अलावा उन्होंने आगे कहा, 'हमें प्राथमिक तौर पर यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन मेडिकल फैसिलिटी मिले. मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं. रेस्क्यू कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं. मैं घायलों को जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करता हूं.'
प्रियंका गांधी ने जताया दुख
हादसे पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने दुख जताते हुए संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, "काजीरंगा, असम में हुए भीषण सड़क हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं."