केरल के पथानामथिट्टा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनिल के. एंटनी के समर्थन में राजनाथ सिंह ने एक बैठक को संबोधित। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि, राहुल गांधी के पास अमेठी से चुनाव लड़ने का साहस नहीं है। इसके अलावा बीजेपी नेता ने कहा कि, मैंने ऐसा सुना है कि, वायनाड की जनता ने उन्हें (राहुल गांधी) अपना सांसद बनाने से इनकार कर दिया है।
कांग्रेस के युवा नेता की लॉन्चिंग नहीं हो पाई
भाजपा के दिग्गज नेता व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में आगे कांग्रेस नेता पर तंज करते हुए कहा है कि, देश में अंतरिक्ष की विभिन्न परियोजनाएं शुरू की गई है, लेकिन पिछले 20 साल में कांग्रेस के युवा नेता की लॉन्चिंग नहीं हो पाई। राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि, न तो कांग्रेस ने राहुलयान को लॉन्च किया और न ही इसकी लैंडिंग कराई।
रक्षा मंत्री ने की एके एंटनी की तारीफ
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी की जमकर तारीफ की है। सिंह ने एंटनी को अनुशासित और सिद्धांतवादी नेता बताते हुए कहा कि, एके एंटनी की ईमानदारी पर सवाल नहीं उठाया जा सकता है। रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि, वह एके एंटनी के बयान पर काफी ज्यादा आश्चर्यचकित हुए, जिसमें उन्होंने (एंटनी) कहा था कि, उनका बेटा अनिल एंटनी लोकसभा चुनाव में हारना चाहिए। राजनाथ ने कहा, "मैं जानता हूं कि, वह (एके एंटनी) एक सिद्धांतवादी व्यक्ति हैं। मैं उनकी मजबूरियां समझता हूं। उनके लिए अनिल एंटनी का समर्थन करना मुश्किल है। हालांकि, मैं उनसे यह कहना चाहूंगा कि अनिल उनका बेटा है। सिंह ने अपने संबोधन में आगे एके एंटनी से कहा कि, आप भले ही उन्हें (अनिल एंटनी) वोट नहीं दे सकते या उनके लिए वोट नहीं जुटा सकते, लेकिन आप उनके पिता है और उनके साथ आपका आशीर्वाद होना चाहिए।
Comments (0)