भोपाल। भाजपा अब Gen Z तक पहुंच बनाने के लिए सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट का बड़े स्तर पर इस्तेमाल करने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के जरिए सरकार के काम और योजनाओं से हुए बदलाव की कहानियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। अभियान के तहत हर शक्ति केंद्र को कम से कम 10 रील बनाने का लक्ष्य दिया गया है। इन रील्स में सरकारी योजनाओं से लाभ लेने वाले वास्तविक लोगों की कहानियां दिखाई जाएंगी। कार्यकर्ता लाभार्थियों से संपर्क कर उनके अनुभव रिकॉर्ड करेंगे। वीडियो में लाभार्थी का नाम, स्थान, जिला, योजना और उससे हुए बदलाव की जानकारी भी शामिल की जाएगी।
इन्फ्लुएंसर्स दिखाएंगे ‘बदला हुआ भारत’
अभियान में देशभर के इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को ऐसे स्थानों पर ले जाने की योजना है, जहां सरकारी योजनाओं या विकास कार्यों से बदलाव दिखाई देता है। क्रिएटर्स मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे और अपने अनुभव के आधार पर वीडियो तैयार करेंगे। इसके लिए राज्यों से ऐसे स्थानों की सूची मांगी जाएगी, जहां जीवन, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर या रोजगार के अवसरों में बदलाव दिखाई देता हो। राष्ट्रीय स्तर पर करीब 50 प्रमुख स्थानों के चयन का प्रस्ताव है।
25 लाख लोगों की कहानियां डिजिटल प्लेटफॉर्म पर
‘कहानी बदलाव की’ अभियान के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करीब 25 लाख नागरिकों की वास्तविक कहानियां सामने लाने का प्रस्ताव है। इनमें से करीब 25 हजार कहानियां शॉर्टलिस्ट की जाएंगी और लगभग 250 प्रभावशाली कहानियों को प्रोफेशनल तरीके से तैयार किया जाएगा। इन वीडियो को भाजपा के जिला, प्रदेश और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा।
WhatsApp से Instagram तक डिजिटल कनेक्ट
अभियान में सोशल मीडिया शेयरिंग पर भी खास जोर रहेगा। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम घर-घर दीप जलाने की अपील की जाएगी। इससे जुड़े फोटो और वीडियो #आशीर्वाद_का_दीया के साथ सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को 25 सेवा गतिविधियों में से किसी एक में कम से कम 25 मिनट योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सेवा गतिविधि का पहले और बाद का वीडियो बनाकर My Bharat Portal पर रील अपलोड करने की व्यवस्था होगी। इसके बाद डिजिटल सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक कई कार्यक्रम
अभियान के तहत स्कूलों में ड्रॉइंग और भाषण प्रतियोगिताएं, गांवों में ‘नमो सेवा गाथा’ के नुक्कड़ नाटक, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का उत्सव’ और जिलों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ जैसे कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसके अलावा ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत विधानसभा स्तर पर कैंप लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ का प्रस्ताव
अभियान का समापन 17 अक्टूबर 2026 को ‘जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट’ के रूप में प्रस्तावित है। इसमें देशभर से करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के जुटने का अनुमान है। कार्यक्रम में सेवा, विकास और विकसित भारत 2047 के संकल्प पर चर्चा के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन का भी प्रस्ताव है। भाजपा के इस अभियान में पारंपरिक जनसंपर्क के साथ डिजिटल माध्यम को जोड़ने पर जोर दिखाई दे रहा है। खास तौर पर Instagram और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए युवा वर्ग और Gen Z तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर फोकस है।