नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने 3 से 8 सितंबर 2026 के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में इस दौरान बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल में भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 3 से 5 सितंबर, जबकि हिमाचल प्रदेश में 3 से 5 सितंबर के दौरान बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड में 3 से 8 सितंबर तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में 3 और 4 सितंबर को बारिश
दिल्ली में 3 और 4 सितंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दोपहर से शाम के बीच भी कुछ जगहों पर बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।
3 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32-34°C और न्यूनतम तापमान 23-25°C के आसपास रह सकता है। 4 सितंबर को अधिकतम तापमान 31-33°C और न्यूनतम 24-26°C रहने का अनुमान है।
यूपी में भी भारी बारिश का अलर्ट
हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 से 4 सितंबर, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 से 5 सितंबर के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 और 7 सितंबर को भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
बिहार में इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
बिहार में 3 सितंबर को पूर्वी हिस्से के कई जिलों में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, पश्चिम चंपारण, सीवान, बक्सर, रोहतास, भागलपुर और जमुई समेत कई इलाकों में येलो अलर्ट है। पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर और नालंदा जैसे मध्य बिहार के जिलों को फिलहाल ग्रीन जोन में रखा गया है।
झारखंड में तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट
झारखंड में 3 और 4 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि 5 से 7 सितंबर के दौरान कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान में 3 से 7 सितंबर के दौरान कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। 3 सितंबर को भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
4 और 5 सितंबर को कोटा संभाग और आसपास के इलाकों में मध्यम से तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं, बीकानेर संभाग और शेखावाटी में 4 से 6 सितंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 3 से 8 सितंबर, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 3 से 6 सितंबर के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 7 और 8 सितंबर को इन राज्यों में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए और तेज बारिश के दौरान निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए।