नई दिल्ली - देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच अब आम लोगों के नाश्ते पर भी असर पड़ने लगा है। सोना-चांदी, पेट्रोल-डीजल और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब ब्रेड भी महंगी हो गई है। मुंबई में विभिन्न प्रकार की ब्रेड की कीमतों में 5 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
16 मई से नई कीमतें लागू
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई बड़ी कंपनियों ने 16 मई से नई कीमतें लागू कर दी हैं। अब ब्राउन ब्रेड, व्हाइट ब्रेड, पाव और सैंडविच ब्रेड जैसी रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजें पहले से ज्यादा कीमत पर मिलेंगी।
बढ़ती लागत को बताया वजह
ब्रेड कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल, पैकेजिंग, ट्रांसपोर्ट और ईंधन की लागत बढ़ने की वजह से कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया था। खासकर गेहूं, तेल और बिजली की बढ़ती कीमतों का सीधा असर उत्पादन लागत पर पड़ा है। महंगाई की इस नई मार से मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं, क्योंकि ब्रेड और पाव जैसे उत्पाद रोजाना के खानपान का अहम हिस्सा हैं।
खाद्य उत्पादों के दाम बढ़ सकते
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आने वाले दिनों में ईंधन और खाद्य सामग्री की कीमतों में राहत नहीं मिली, तो अन्य खाद्य उत्पादों के दाम भी बढ़ सकते हैं। ऐसे में घरेलू बजट संभालना आम लोगों के लिए और मुश्किल हो सकता है।