तेजस्वी यादव ने राम मंदिर को लेकर बीजेपी पर आरोप लगाया कि, भाजपा राम मंदिर के बहाने अपनी और पीएम मोदी की मार्केटिंग कर रही है। बिहार के डिप्टी सीएम ने कहा कि, हम लोगों को नौकरी दे रहे हैं एवं ये लोग ED और CBI को बार-बार हमारे घर में घुसा देते हैं। लोग थक चुके हैं ये सब देखकर। मैं तो बचपन से देख रहा हूं ED-CBI। कुछ फर्क थोड़ी पड़ता है इन सब चीजों से। हम लोग लड़ते रहेंगे।
मंदिर जाओगे तो वहां उल्टा दान मांग लेंगे
वहीं राम मंदिर को लेकर बीजेपी पर बरसते हुए बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने पूछा कि, बीमार पड़ोगे तो अस्पताल जाओगे ने ? भूख लगेगी और मंदिर जाओगे तो खाना मिलेगा ? वहां तो उल्टा दान मांग लेंगे आपसे। उन्होंने आगे कहा कि, आप लोगों को जागना होगा। मैं किसी धर्म पर सवाल नहीं उठा रहा हूं। मैं तो स्वयं मुंडन करवाकर आया हूं। छठ पूजा मेरे भी घर पर होती है। भगवान मेरे दिल में हैं।
हमारे तो तिरंगे में भी भगवा है
राष्ट्रीय जनता दल के नेता ने आगे अपने इस बयान में कहा कि, ये लोग (भाजपा) बस बोलते हैं हम भगवा ले आए। क्या ये लोग लाए हैं? हमारे तो तिरंगे में भी भगवा है। हरा भी है। मगर यदि हरा झंडा लेकर घुमेंगे तो कहेंगे कि, देखो नफरत पैदा कर रहा है। जिससे लोग आपस में लड़ते रहें। बिहार के डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि, लाखों करोड़ रुपए जो अयोध्या में खर्च हो रहा है, उतने में कितने लोगों को नौकरी मिल जाती, शिक्षा मिल जाती।
प्रभु श्री राम को मोदी जी की जरूरत है?
वहीं पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए राष्ट्रीय जनता दल के दिग्गज नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि, मीडिया दिनभर हम लोगों से राम मंदिर, राम मंदिर, राम मंदिर, यही सब पूछते हैं। प्रभु श्री राम को मोदी जी की जरूरत है? उन्होंने कहा कि, भगवान प्रभु श्री राम चाहते तो अपना महल नहीं बनवा लेते खुद? लेकिन मोदी जी दिखा ऐसे रहे हैं कि, उन्होंने प्रभु श्री राम को घर और महल दिलवा दिया। ये सब बेकार बात है। यादव ने इस दौरान कहा कि, आस्था मन में होनी चाहिए। नीयत साफ होनी चाहिए। पाप करते रहेंगे और राम-राम करते रहेंगे, तो राम आशीर्वाद नहीं देंगे। दंगे-फसाद से बचने की आवश्यकता है।
Comments (0)