कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को ‘गद्दार’ कहे जाने के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। अब केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भी राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। चिराग पासवान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह और उनकी पार्टी राहुल गांधी के इस बयान की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया।
“अभद्र टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण” - चिराग पासवान
चिराग पासवान ने अपने पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की 140 करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की गरिमा और संवैधानिक पदों के प्रति सम्मान बनाए रखना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
“देश का मजाक उड़ा रहे राहुल गांधी” - अरुण भारती
राहुल गांधी के बयान पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर जाते हैं तो वह भारत के हितों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को मजबूत करने के लिए जाते हैं। अरुण भारती ने कहा कि अगर इन बातों का मजाक उड़ाया जाएगा तो यह देश का मजाक उड़ाने जैसा है। उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब उनके प्रधानमंत्री भी विदेश दौरों पर जाते थे और भारत का प्रतिनिधित्व करते थे।
रायबरेली में राहुल गांधी ने दिया था विवादित बयान
दरअसल, राहुल गांधी ने रायबरेली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए उन्हें ‘गद्दार’ कहा था। उन्होंने केंद्र सरकार पर संविधान कमजोर करने और देश को आर्थिक संकट की ओर धकेलने का आरोप लगाया था।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद बीजेपी और एनडीए के कई नेता लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं।