पीएम मोदी ने आज यानी 29 अप्रैल को कर्नाटक के बागलकोट में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि, सबसे पुरानी पार्टी कर्नाटक में सरकार नहीं बल्कि जबरन वसूली गिरोह चला रही है।
कांग्रेस ने कर्नाटक को ‘टैंकर हब’ बना दिया
पीएम मोदी ने आगे अपने संबोधन में विपक्ष पर बरसते हुए कहा कि, कर्नाटक ने विश्व में अपना नाम कमाया है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने इसे ‘टैंकर हब’ बना दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कर्नाटक में सरकार नहीं बल्कि ‘जबरन वसूली गिरोह’ चला रही है। पीएम ने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि, कर्नाटक जो टेक हब के रूप में जाना जाता है और दुनिया में अपनी पहचान बना चुका है, कांग्रेस ने उसे ‘टैंकर हब’ बना दिया है। इसके अलावा उन्होंने आगे यह भी कहा कि, ये लोग 2जी घोटाले जैसे घोटाले का सपना देख रहे हैं।
कांग्रेस आई, तबाही लाई - पीएम
पीएम मोदी ने अपनी हमला जारी रखते हुए कहा कि, वे दिन दूर नहीं जब कर्नाटक में कांग्रेस सरकारी कर्मचारियों को भुगतान नहीं कर पाएगी। सभी अनुभवी लोग और यहां तक कि देश का इतिहास भी कहता है ‘कांग्रेस आई, तबाही लाई’। उन्होंने आगे अपने संबोधन में कहा कि, यह आपका वोट है जो मोदी को मजबूत करेगा और फिर देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। पीएम ने आगे कहा कि, भारत को विनिर्माण केंद्र और कौशल केंद्र बनाना हमारा संकल्प है। ये संकल्प वे लोग पूरा नहीं कर सकते जो छुट्टियों का आनंद लेते हैं।
Comments (0)