दिल्ली में 20 मई को केमिस्टों की हड़ताल रहेगी। दवा व्यापारियों के संगठन RDCA वन दिल्ली ने इस बंद का ऐलान किया है। केमिस्ट एसोसिएशन ने लोगों से अपील की है कि वे हड़ताल से पहले अपनी रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली जरूरी दवाएं खरीद लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह हड़ताल देशभर के दवा व्यापारियों की विभिन्न मांगों को लेकर की जा रही है। इनमें ऑनलाइन दवा बिक्री में अनियमितताओं, भारी छूट पर दवाओं की बिक्री, एआई से तैयार किए जा रहे प्रिस्क्रिप्शन, मरीजों की सुरक्षा और छोटी मेडिकल दुकानों पर बढ़ते संकट जैसे मुद्दे शामिल हैं।
इमरजेंसी दवा सेवाएं रहेंगी चालू
ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट के साथ हुई बैठक के बाद संगठन ने स्पष्ट किया है कि बड़े अस्पतालों, नर्सिंग होम और इमरजेंसी हेल्थकेयर सेंटरों के आसपास जरूरी दवा सेवाएं जारी रहेंगी। जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
ऑनलाइन दवा बिक्री पर उठाए सवाल
केमिस्ट संगठनों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना उचित निगरानी के दवाएं बेची जा रही हैं। इससे नकली, प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की बिक्री का खतरा बढ़ रहा है।
बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महासचिव ने कहा कि ऑफलाइन दवा बिक्री में डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन और रिकॉर्ड रखने के सख्त नियम लागू होते हैं, जबकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इन नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है।
कुछ राज्यों ने बनाई दूरी
जानकारी के मुताबिक कई राज्यों के केमिस्ट संगठनों ने इस हड़ताल से दूरी बना ली है। वहीं दवा नियामक संस्था CDSCO भी दवा व्यापारियों की चिंताओं को लेकर मामले की समीक्षा कर रही है।