नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 45 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने की अवधि बढ़ा दी है। पहले इन स्टेशनों को शनिवार शाम 6 बजे तक बंद रखने की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब DMRC के नए अपडेट के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से ये स्टेशन शनिवार, 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे। यात्रियों को यात्रा पर निकलने से पहले मेट्रो की ताजा जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।
रात 10 बजे तक बंद रहेंगे 45 मेट्रो स्टेशन
DMRC के मुताबिक, शुक्रवार रात 9 बजे से बंद किए गए 45 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार शनिवार रात 10 बजे तक बंद रहेंगे। मेट्रो प्रबंधन ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी और जरूरत के अनुसार आगे की जानकारी साझा की जाएगी। इस फैसले से दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में मेट्रो से आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
DMRC ने इन प्रमुख स्टेशनों को किया बंद
बंद किए गए स्टेशनों में दिल्ली के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।इसके अलावा दिल्ली हाट-आईएनए, हौज खास, जोर बाग, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस और विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन भी प्रभावित हैं।
कश्मीरी गेट से रिठाला तक कई स्टेशन प्रभावित
DMRC की सूची में कश्मीरी गेट, इंद्रलोक, गुरु तेग बहादुर नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आजादपुर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़ और मजलिस पार्क स्टेशन भी शामिल हैं।इसके अलावा सीलमपुर, मौजपुर-बाबरपुर, जाफराबाद, वेलकम, यमुना विहार, खजूरी खास, शाहदरा और रिठाला मेट्रो स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार भी बंद रखने की जानकारी दी गई है।
इससे पहले जारी परामर्श में 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने की जानकारी दी गई थी। बाद में DMRC ने नया अपडेट जारी करते हुए 45 स्टेशनों के बंद रहने की अवधि शनिवार रात 10 बजे तक बढ़ाने की जानकारी दी।मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, यह कदम सुरक्षा कारणों से उठाया गया है। सुरक्षा एजेंसियों की समीक्षा के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट
दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह है कि वे घर से निकलने से पहले DMRC के आधिकारिक अपडेट की जांच कर लें। जिन यात्रियों को बंद स्टेशनों से यात्रा करनी थी, उन्हें वैकल्पिक स्टेशन या परिवहन के दूसरे साधनों की योजना बनानी पड़ सकती है।