राष्ट्रीय राजधानी में 16 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले AI Impact Summit के मद्देनज़र Delhi Police ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न देशों के प्रमुख, मंत्री, वरिष्ठ प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के नेता भाग लेंगे।
नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहेगा असर
कार्यक्रम के व्यापक स्तर और उच्च-स्तरीय सहभागिता को देखते हुए आयोजन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक नियंत्रण लागू रहेगा। पुलिस के अनुसार, इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात को सुचारु बनाए रखना है। नई दिल्ली और उससे सटे इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर आंशिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे, ताकि आम लोगों को न्यूनतम असुविधा हो।
कुछ मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित
वीवीआईपी रूट मूवमेंट के दौरान भैरों मार्ग, रिंग रोड (टी-प्वाइंट को छोड़कर) तथा सुब्रमण्यम भारती मार्ग टी-प्वाइंट से डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक तक मथुरा रोड के हिस्सों को प्रतिबंधित जोन घोषित किया गया है। इन मार्गों पर आम वाहनों की एंट्री की अनुमति नहीं होगी। दिल्ली से बाहर जाने या दिल्ली में प्रवेश न करने वाले वाहनों को ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे समेत अन्य निर्धारित मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
यात्रियों के लिए विशेष सलाह
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें। ट्रैफिक नियमों को देखते हुए मेट्रो सेवा का उपयोग करना बेहतर विकल्प हो सकता है। जरूरी सेवाओं और मेडिकल इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनकी आवाजाही बाधित नहीं होगी।
Comments (0)