भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने घोषणा की है कि बिहार और उत्तर प्रदेश समेत 13 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के बाद अब इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा। आयोग के अनुसार, अप्रैल महीने से देशभर में SIR अभियान शुरू होगा। बिहार में यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 12 राज्यों में यह अभी जारी है। शेष राज्यों में भी जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।
आयोग ने दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। नोटिफिकेशन में कहा गया है कि सभी प्रारंभिक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि अप्रैल से यह अभियान बिना किसी बाधा के शुरू किया जा सके।
इन राज्यों में शुरू होगी SIR प्रक्रिया
SIR अभियान दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना, उत्तराखंड, झारखंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव में चलाया जाएगा।
SIR प्रक्रिया के तहत क्या होगा?
इस अभियान के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। यदि BLO आपके घर आएं तो परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र तैयार रखें।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सदस्य का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा।
जो सदस्य किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट हो गए हैं, उनका नाम हटाकर नए स्थान पर जोड़ा जाएगा।
जिन व्यक्तियों का निधन हो चुका है, उनके नाम सूची से हटाए जाएंगे।
नाम, आयु, पता या फोटो संबंधी त्रुटियों को सुधारा जाएगा।
धुंधली या पुरानी फोटो को नई फोटो से अपडेट किया जाएगा।
Comments (0)