भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने वाली पूर्व 'मिस पुणे' और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा (Twisha Sharma) की रहस्यमयी मौत के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। त्विषा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद जांच और सबूतों के संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका के परिवार ने पुलिस पर महत्वपूर्ण सबूतों को छुपाने और उनके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है।
पोस्टमार्टम के समय गायब था सबसे बड़ा सबूत
भोपाल एम्स (AIIMS Bhopal) द्वारा जारी की गई शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, मौत का कारण 'एंटी-मॉर्टम हैंगिंग' (फांसी लगाना) बताया गया है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि जिस बेल्ट का इस्तेमाल फांसी लगाने के लिए किया गया था, वह पोस्टमार्टम के समय डॉक्टरों को सौंपा ही नहीं गया। डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि जांच अधिकारी (IO) ने पोस्टमार्टम के दौरान वह बेल्ट जमा नहीं किया था। इसके कारण डॉक्टर त्विषा के गले पर मिले निशानों का मिलान उस बेल्ट से नहीं कर पाए। इस गंभीर लापरवाही पर अब मृतका के माता-पिता और भाई ने सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि सबूतों को जानबूझकर नष्ट किया जा रहा है।
SIT प्रमुख ने मानी पुलिस की गलती
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष जांच दल (SIT) के प्रमुख और मिसरोद के एसीपी रजनीश कश्यप ने स्वीकार किया कि जांच अधिकारी से चूक हुई है। हालांकि, उनका दावा है कि बेल्ट को घटनास्थल से बरामद कर लिया गया था, लेकिन उसे पहले फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा गया और बाद में एम्स में जमा कराया गया।
रिपोर्ट में गर्भपात और चोटों का खुलासा
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ और बेहद संवेदनशील जानकारियां सामने आई हैं:
मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी: रिपोर्ट के अनुसार, मौत से ठीक एक हफ्ते पहले त्विषा का गर्भपात (Abortion) कराया गया था।
शरीर पर चोट के निशान: त्विषा के शरीर के अन्य हिस्सों पर भी 'एंटी-मॉर्टम इंजरी' (मौत से पहले की चोटों) के निशान मिले हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह निशान उनके साथ की गई शारीरिक प्रताड़ना की ओर इशारा करते हैं।
इस विसंगति के बाद त्विषा के पिता ने दिल्ली एम्स (AIIMS Delhi) में दोबारा (सेकंड) पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
शादी के महज 5 महीने बाद ही संदिग्ध मौत
मूल रूप से नोएडा की रहने वाली 31 वर्षीय त्विषा शर्मा की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। दिसंबर 2025 में दोनों की शादी हुई। समर्थ की मां गिरिबाला सिंह एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) जज हैं। शादी के महज पांच महीने बाद, 12 मई (2026) को कटारा हिल्स स्थित ससुराल के घर में त्विषा का शव फंदे से लटकता हुआ मिला था।
"ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे" – आखिरी चैट्स खोल रहे राज
मौत से पहले त्विषा ने अपनी मां और सहेली को जो मैसेज भेजे थे, वे अब इस केस के सबसे बड़े आधार बन गए हैं।
सहेली मीनाक्षी को आखिरी मैसेज:"मैं फंस गई हूं दोस्त। तू कभी ऐसे जाल में मत फंसना। ज्यादा बात नहीं कर सकती, सही समय पर फोन करूंगी।" इसके अगले ही दिन उनका शव मिला।
मां को भेजा गया मैसेज: मौत से पांच दिन पहले त्विषा ने अपनी मां को लिखा था, *"ये लोग बहुत क्रूर हैं। ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे। मुझे यहाँ से ले जाओ।"
सास को अग्रिम जमानत, पति फरार; इनाम घोषित
ट्विशा शर्मा के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उन पर मानसिक और शारीरिक अत्याचार किया जा रहा था। भोपाल पुलिस ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके वकील बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मारपीट और सबूत नष्ट करने की धाराओं में मामला दर्ज कर SIT का गठन किया है।हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी न होने से परिवार में भारी आक्रोश है। आरोपी सास गिरिबाला सिंह को अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि पति समर्थ सिंह फरार है। पुलिस ने समर्थ का सुराग देने वाले को 10,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।