लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विवादित बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। रायबरेली दौरे के दौरान राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को “गद्दार” कहे जाने के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा।
‘मोदी और अमित शाह खुद्दार नेता’ : केशव मौर्य
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह देशहित के प्रति समर्पित और “खुद्दार” नेता हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मनिष्ठ नेताओं को राहुल गांधी द्वारा “गद्दार” कहना उनके मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है।
“हर चुनावी हार के बाद गरम हो जाता है माथा”
केशव मौर्य ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि हर चुनावी हार के बाद उनका “माथा ज्यादा गरम” हो जाता है और वे अनाप-शनाप बयान देने लगते हैं। उन्होंने लिखा, “राहुल गांधी को यह नहीं भूलना चाहिए कि उनकी नेतागीरी में कांग्रेस हार का शतक लगाने के करीब पहुंच चुकी है।”
रायबरेली में राहुल गांधी ने साधा था निशाना
दरअसल, रायबरेली दौरे के दौरान राहुल गांधी ने महंगाई, संविधान और आर्थिक नीतियों को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला था। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए थे। राहुल गांधी के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने इसे कांग्रेस की हताशा बताया है।