कोलकाता: कोलकाता नगर निगम (KMC) की एक सूची सामने आने के बाद बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। सूची के अनुसार, तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी की एक संपत्ति में “सायनी घोष” नाम की संयुक्त मालिक का उल्लेख है। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं कि क्या यह नाम तृणमूल सांसद सायनी घोष का है या किसी अन्य व्यक्ति का।
19D सेवन टैंक रोड फ्लैट पर सवाल
KMC दस्तावेज़ के मुताबिक, 19D सेवन टैंक रोड स्थित फ्लैट के मालिक के रूप में अभिषेक बनर्जी का नाम दर्ज है। उसी रिकॉर्ड में “सायनी घोष” को संयुक्त मालिक बताया गया है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह वही सायनी घोष हैं जो तृणमूल कांग्रेस की सांसद हैं।
17 संपत्तियों को भेजा गया नोटिस
सूत्रों के अनुसार, कोलकाता नगर निगम ने अभिषेक बनर्जी से जुड़ी 17 संपत्तियों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें हरीश मुखर्जी रोड स्थित “शांतिनिकेतन” बिल्डिंग और कालीघाट मोड़ के पास मौजूद एक इमारत भी शामिल है, जहां हार्डवेयर की दुकान संचालित होती है।
दस्तावेज़ लेकर पेश होने का निर्देश
नगर निगम के बिल्डिंग विभाग ने अभिषेक बनर्जी को संबंधित भवन नक्शे और अन्य जरूरी दस्तावेज़ों के साथ उपस्थित होने को कहा है। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।