भगवान शिव की आराधना का पावन पर्व महाशिवरात्रि पूरे देश में भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक का आयोजन हो रहा है, वहीं श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर देशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कामना की कि भगवान महादेव की कृपा सभी पर बनी रहे और भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंगलकामना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘एक्स’ पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदिदेव महादेव का आशीर्वाद सभी पर बना रहे। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान शिव की कृपा से देश समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन की शुभकामनाएं
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने महाशिवरात्रि को भारत की शाश्वत आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि काशी से रामेश्वरम् तक मनाया जाने वाला यह पर्व देश की सांस्कृतिक एकता और आस्था का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने महादेव और माता पार्वती से सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संदेश
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महाशिवरात्रि के अवसर पर विश्व में शांति और सद्भाव की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव का आशीर्वाद देश को एकता, सुरक्षा और निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाए।
अमित शाह और नितिन गडकरी की शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने “हर हर महादेव” के साथ देशवासियों को बधाई दी और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी महाशिवरात्रि पर देश की खुशहाली और उन्नति की कामना की।
योगी आदित्यनाथ का संदेश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा भोलेनाथ की कृपा से हर हृदय में शांति, हर जीवन में शक्ति और हर पथ में मंगल का संचार हो।
Comments (0)