कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की घटना को लेकर देशभर में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद अब ममता बनर्जी का बयान सामने आया है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस पूरे मामले से खुद को अलग करते हुए कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था अब उनके नियंत्रण में नहीं है।
“मुझे नहीं दी गई जानकारी”
ममता बनर्जी ने कहा, “मुझे इस घटना के बारे में किसी ने जानकारी नहीं दी। मुझे मीडिया के जरिए इसके बारे में पता चला।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के मुख्य सचिव और डीजीपी अब उनसे संपर्क नहीं करते।
चुनाव आयोग पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी आयोग के पास होती है और वर्तमान हालात में वही प्रशासन चला रहा है।
सुप्रीम कोर्ट की सख्ती
गौरतलब है कि मालदा में न्यायिक अधिकारियों को घेरने की घटना पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई थी। अदालत ने इस घटना को गंभीर बताते हुए राज्य प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए।
‘सुपर राष्ट्रपति शासन’ का आरोप
ममता बनर्जी ने मौजूदा हालात को ‘सुपर राष्ट्रपति शासन’ जैसा बताते हुए कहा कि उनकी शक्तियां सीमित कर दी गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति जानबूझकर बनाई जा रही है ताकि राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया जा सके।