नई दिल्ली - ऑल इंडिया ड्रग डीलर्स एसोसिएशन (AIOCD) ने अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट कंपनियों की कथित अनुचित प्रतिस्पर्धा के खिलाफ 20 मई 2026 को देशव्यापी मेडिकल स्टोर बंद का आह्वान किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगन्नाथ एस. शिंदे ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने के कारण दवा विक्रेताओं को यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। संगठन के मुताबिक, देशभर में लाखों मेडिकल स्टोर इस बंद में शामिल हो सकते हैं। इससे कई राज्यों में दवाओं की खुदरा बिक्री प्रभावित होने की आशंका है।
ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर जताई नाराजगी
एआईओसीडी का कहना है कि दवा कारोबार वर्तमान में औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 और नियम 1945 के तहत संचालित होता है, लेकिन ऑनलाइन दवा बिक्री को लेकर अब तक स्पष्ट कानूनी प्रावधान नहीं बनाए गए हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा 2018 में जारी जीएसआर 817(ई) अधिसूचना को अभी तक कानून का रूप नहीं दिया गया है, बावजूद इसके देशभर में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन दवाओं की बिक्री जारी है।
सरकार से की सख्त कार्रवाई की मांग
एआईओसीडी ने दावा किया कि इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी, जहां अदालत ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संगठन ने केंद्र सरकार से मांग की है कि जीएसआर 817(ई) अधिसूचना को तत्काल रद्द किया जाए और ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियम लागू किए जाएं। वहीं, इस बंद को लेकर आम लोगों को दवाओं की उपलब्धता को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।