राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में गर्मी लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 मई से 22 मई तक हीट वेव और तेज गर्म हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा। दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।
44 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक 19 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दोपहर और शाम के समय तेज सतही हवाओं के साथ हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। 20 मई को भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
21 और 22 मई को भी जारी रहेगी लू
21 मई को तापमान में हल्की गिरावट के बावजूद गर्मी का असर कम नहीं होगा। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर और शाम के समय लू चलती रहेगी। आर्द्रता 35 से 50 प्रतिशत के बीच रहने के कारण उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। 22 मई को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है और पूरे दिन गर्म हवाएं चल सकती हैं।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की सलाह
विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि लगातार पानी पीते रहें, धूप में निकलने से बचें और शरीर को हाइड्रेट रखें ताकि लू और डिहाइड्रेशन से बचाव किया जा सके।
23 मई से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार 23 मई से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि फिलहाल आसमान साफ रहने और गर्मी जारी रहने की संभावना बनी हुई है।