रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली दौरे के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भारत की लोकप्रिय ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट की। मेलोनी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया। मेलोनी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए बहुत-बहुत अच्छी टॉफी लेकर आए—मेलोडी। गिफ्ट के लिए थैंक्यू।”
रोम की सड़कों पर साथ दिखे मोदी और मेलोनी
प्रधानमंत्री मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे। रोम पहुंचने पर जॉर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने रोम की सड़कों पर एक ही कार में सफर किया और करीब 2000 साल पुराने ऐतिहासिक कोलोजियम का दौरा भी किया। दोनों नेताओं की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। मेलोनी ने मोदी के साथ सेल्फी साझा करते हुए लिखा, “Welcome my friend.”
व्यापार और रणनीतिक साझेदारी पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी ने भी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि भारत और इटली के रिश्तों को और मजबूत करने पर बातचीत जारी रहेगी। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, एडवांस टेक्नोलॉजी, रक्षा, ऊर्जा और वैश्विक मुद्दों पर अहम चर्चा होने की संभावना है। साथ ही भारत और इटली अपने संबंधों को ‘स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा देने पर भी विचार कर रहे हैं।
भारत-इटली व्यापार लगातार बढ़ रहा
भारत और इटली के बीच पिछले कुछ वर्षों में आर्थिक और राजनीतिक रिश्ते तेजी से मजबूत हुए हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार 14 अरब यूरो से ज्यादा पहुंच चुका है। विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, फार्मा, मशीनरी, रक्षा और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
उद्योगपतियों से भी मुलाकात करेंगे पीएम मोदी
अपने इटली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी वहां के बड़े उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और नई औद्योगिक साझेदारियों पर चर्चा होने की संभावना है। साथ ही मिडिल ईस्ट तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा और ग्लोबल सप्लाई चेन जैसे मुद्दों पर भी बातचीत होगी।
2024 में भी इटली गए थे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले जून 2024 में इटली गए थे, जहां उन्होंने G-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। 15 मई से शुरू हुए अपने मौजूदा विदेश दौरे में पीएम मोदी UAE, नीदरलैंड, स्वीडन और नॉर्वे का दौरा करने के बाद अब इटली पहुंचे हैं।