रोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंच गए हैं। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर पहुंचे पीएम मोदी ने भारत-इटली संबंधों को “निर्णायक दौर” में पहुंचा हुआ बताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इटली के रिश्ते साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, नवाचार और भविष्य के साझा विजन पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच “स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
पीएम मोदी और मेलोनी के बीच डिनर डिप्लोमेसी
रोम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के बीच अनौपचारिक मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने डिनर के दौरान वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद दोनों नेताओं ने रोम के ऐतिहासिक कोलोसियम का भी दौरा किया। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “वेलकम माय फ्रेंड।”
मेलोनी को पीएम मोदी ने दिया खास गिफ्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भारत की लोकप्रिय “मेलोडी” टॉफी गिफ्ट की। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए इसके लिए पीएम मोदी का धन्यवाद किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए बहुत-बहुत अच्छी टॉफी मेलोडी लेकर आए।”
इटालियन कलाकार ने भेंट की काशी की पेंटिंग
इटली के प्रसिद्ध चित्रकार जियाम्पाओलो टोमासेटी ने प्रधानमंत्री मोदी को वाराणसी पर आधारित एक विशेष पेंटिंग भेंट की। पीएम मोदी ने कलाकार की भारतीय संस्कृति और वैदिक परंपराओं के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने बताया कि कलाकार पिछले कई दशकों से भारतीय विरासत से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं।
भारतीय शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति ने जीता दिल
रोम में इटालियन कलाकारों ने कुचिपुड़ी, भरतनाट्यम और कथक की प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति की झलक पेश की। प्रधानमंत्री मोदी ने कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय कला और संस्कृति के प्रति दुनिया भर में आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।
भारतीय समुदाय का जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने इटली में बसे भारतीय समुदाय का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी दुनिया भर में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और भारत-इटली संबंधों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।