रायबरेली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली दौरे के दौरान केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और संविधान की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस पर तीखे आरोप लगाए। राहुल गांधी बछरावां विधानसभा क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में सांसद निधि से बने बारातघर के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे।
महंगाई को लेकर सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल समेत रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “देश का आम नागरिक आर्थिक दबाव झेल रहा है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों को गंभीरता से नहीं ले रही है।”
“देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि देश आने वाले समय में बड़े आर्थिक संकट का सामना कर सकता है। उन्होंने कहा, “देश में एक बड़ा आर्थिक तूफान आ चुका है। आने वाले तीन-चार महीनों में ऐसी महंगाई देखने को मिलेगी, जो पहले कभी नहीं देखी होगी। गैस, धान और तेल की कीमतें कहां पहुंचेंगी, यह जनता खुद देखेगी।”
संविधान बचाने की बात कही
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में संविधान की रक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केवल नारों से देश नहीं चलेगा और सबसे जरूरी संविधान को बचाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस ने मिलकर संविधान के नियम-कानूनों को कमजोर किया है।
आर्थिक व्यवस्था बेचने का लगाया आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि देश की आर्थिक व्यवस्था को बड़े उद्योगपतियों और विदेशी ताकतों के हाथों सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा, “देश के आर्थिक सिस्टम को बेचा जा रहा है। अब प्रधानमंत्री लोगों से विदेश न जाने और सोना न खरीदने की बात कर रहे हैं।”