चेन्नई: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चेन्नई में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। आइलैंड ग्राउंड्स में आयोजित करीब 30 मिनट के कार्यक्रम में राहुल गांधी ने छात्रों से सवाल पूछने और लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी हो रही है, तमिलनाडु पर हिंदी थोपने की कोशिश की जा रही है और तमिल संस्कृति, भाषा तथा इतिहास पर हमला किया जा रहा है।
'लोकतंत्र खत्म करने वालों से डरने की जरूरत नहीं'
राहुल गांधी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करने वालों से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सवाल पूछना हर छात्र की जिम्मेदारी है। राहुल ने छात्रों से लोकतांत्रिक मूल्यों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में चुनावी प्रक्रिया और मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है।
राहुल गांधी का आरोप- 'आपका वोट चोरी किया जा रहा'
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के मतदान के अधिकार को कमजोर किया जा रहा है।उन्होंने छात्रों से कहा कि लोकतंत्र में वोट की अहमियत समझना जरूरी है। राहुल ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर करते हुए युवाओं से सवाल उठाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए जागरूक रहने की अपील की।
तमिलनाडु में हिंदी थोपने का लगाया आरोप
राहुल गांधी ने तमिल भाषा और संस्कृति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि तमिलनाडु पर हिंदी थोपने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तमिल संस्कृति, भाषा और इतिहास को उचित महत्व नहीं दे रही है।कांग्रेस नेता ने कहा कि तमिलनाडु की सांस्कृतिक पहचान और भाषाई विरासत का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि तमिल संस्कृति और इतिहास को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
PM मोदी पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय दबाव का सामना कर रहे हैं और अपनी राजनीतिक स्थिति बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।राहुल ने कहा कि देश के मौजूदा राजनीतिक माहौल को जनता समझ रही है।
दिल्ली में प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने दिल्ली में हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राजधानी में हालात तनावपूर्ण हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस बच्चों को पीट रही है और इंटरनेट बंद किया गया है। उन्होंने भाजपा से जुड़े लोगों पर भी प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए।
पेरियार का उदाहरण देकर छात्रों को दिया संदेश
राहुल गांधी ने तमिलनाडु के समाज सुधारक ईवी रामासामी पेरियार का उल्लेख करते हुए उन्हें महान व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि पेरियार सवाल पूछते थे राहुल ने इस उदाहरण के जरिए छात्रों को स्वतंत्र सोच विकसित करने और हर मुद्दे पर सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित किया।
शिक्षा व्यवस्था और मेडिकल सीटों पर भी उठाए सवाल
राहुल गांधी ने शिक्षा व्यवस्था में केंद्रीकरण का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि तमिलनाडु में MBBS सीटों में कटौती की जा रही है और बड़ी संख्या में विश्वविद्यालयों में कुलपति के पद खाली हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े लोगों का प्रभाव बढ़ रहा है। राहुल ने शिक्षा के क्षेत्र में राज्यों की भूमिका और संस्थानों की स्वायत्तता को लेकर भी सवाल उठाए।
दक्षिण भारत में पहली बार हुआ 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम
राहुल गांधी इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज, पुणे और इंदौर में युवाओं तथा छात्रों के साथ ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत संवाद कर चुके हैं। चेन्नई में आयोजित यह कार्यक्रम पहली बार दक्षिण भारत में हुआ।