कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इटली दौरे के दौरान ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करने को लेकर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने इसे नेतृत्व नहीं बल्कि “नौटंकी” करार दिया। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जबकि प्रधानमंत्री विदेश में टॉफी बांटते हुए रील बना रहे हैं। राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया उस वायरल वीडियो के बाद आई, जिसमें इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट को कैमरे पर दिखाती नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों नेता हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं।
एक्स पर पोस्ट कर सरकार पर बोला हमला
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“आर्थिक तूफान सिर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं। किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, जबकि प्रधानमंत्री हंसकर रील बना रहे हैं और भाजपा वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।” राहुल गांधी ने अपने बयान में महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक हालात को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं से ध्यान हटाने के लिए प्रचार और इवेंट आधारित राजनीति कर रही है।
मेलोनी का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर करीब 12 सेकंड का वीडियो साझा किया था। वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए बहुत अच्छा गिफ्ट लेकर आए हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट कैमरे की ओर दिखाते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। भाजपा समर्थकों ने इसे भारत-इटली दोस्ती का प्रतीक बताया, जबकि विपक्ष ने इसे गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने वाला कदम कहा।
भाजपा ने राहुल गांधी पर किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेता नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी निराशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण राहुल गांधी इस तरह के बयान दे रहे हैं नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि मजबूत हुई है और आतंकवाद तथा नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश की सुरक्षा और विकास के लिए काम करना “गद्दारी” है।
गिरिराज सिंह बोले- राहुल देश को गाली दे रहे
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सत्ता नहीं मिलने से निराश हैं और प्रधानमंत्री मोदी को नहीं बल्कि देश को अपमानित कर रहे हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विदेश दौरा भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने के लिए है और दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।
रायबरेली में भी मोदी और अमित शाह पर साधा था निशाना
इससे पहले रायबरेली दौरे के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और संविधान की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है।