देश आजादी के 100 वर्ष पूरे होने की दिशा में बढ़ रहा है और 2047 के भारत का स्वरूप तय करने में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को केंद्र में रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने स्पष्ट रूप से संकेत दिया है कि महिला नेतृत्व, आर्थिक भागीदारी और सुरक्षित वातावरण राष्ट्र के विकास की धुरी हैं। इस सोच को आधार देने वाले प्रमुख स्तंभों में कार्यस्थल पर महिलाओं का उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH) और इसके प्रभावी क्रियान्वयन को सशक्त बनाता SHe-Box पोर्टल शामिल है।
सशक्त डिजिटल मंच: नेतृत्व की दूरदर्शिता का परिणाम
पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण सिर्फ अभियान नहीं रहा, बल्कि नीतियों, ढांचों और क्रियान्वयन का मुख्य आधार बना। SHe-Box इसी दूरदृष्टि का आधुनिक उदाहरण है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा विकसित यह डिजिटल पोर्टल कार्यस्थल पर महिला गरिमा और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एक व्यापक और प्रभावी तंत्र प्रदान करता है। इसकी स्थापना का उद्देश्य हर महिला को न्याय के दरवाजे तक बिना किसी बाधा के पहुंच सुनिश्चित कराना है।
शिकायत दर्ज करने की सुगमता: सीधे और पारदर्शी प्रक्रियाए
SHe-Box पोर्टल की प्रमुख विशेषता यह है कि यह देशभर में गठित आंतरिक समितियों (IC) और स्थानीय समितियों (LC) की सूचनाओं का केंद्रीकृत डाटा उपलब्ध कराता है। महिला कर्मचारी सीधे अपने कार्यस्थल की संबंधित IC या जिले की LC के पास ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इससे पारंपरिक प्रक्रियाओं में होने वाली देरी कम होती है और पीड़िता को अपनी शिकायत की प्रगति ऑनलाइन देखने की सुविधा मिलती है। यह सुविधा सरकारी, निजी, अर्द्ध-सरकारी—सभी प्रकार के कार्यस्थलों की महिलाओं के लिए उपलब्ध है।
संपूर्ण गोपनीयता: डिजिटल इंडिया विजन का संवेदनशील रूप
गोपनीयता इस पोर्टल की सबसे अहम विशेषता है। शिकायत दर्ज होते ही वह सीधे संबंधित आंतरिक समिति तक पहुंच जाती है, जिसे केवल समिति की अध्यक्ष ही देख सकती हैं। इस व्यवस्था से पीड़िता की पहचान पूर्णतः सुरक्षित रहती है। डिजिटल इंडिया मिशन के अनुरूप यह पोर्टल सुरक्षित, सरल और भरोसेमंद अनुभव प्रदान करता है, जिससे महिलाएं बिना भय या झिझक शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
महिलाओं में बढ़ते विश्वास का आधार
आज 10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और पहली बार बड़े पैमाने पर संगठित व औपचारिक कार्यस्थलों में कदम रख रही हैं। ऐसे समय में SHe-Box जैसा मंच महिलाओं के भीतर यह विश्वास पैदा करता है कि उनके साथ सरकार मजबूती से खड़ी है। यह प्लेटफॉर्म महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें यह भरोसा देता है कि कोई भी शिकायत अनसुनी या अनदेखी नहीं होगी।
सुरक्षित कार्यस्थलों की ओर निर्णायक कदम
SHe-Box पोर्टल न केवल तकनीकी सुविधा है, बल्कि यह महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय के प्रति सरकार की गंभीर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह आधुनिक भारत के उस स्वरूप को साकार करने का प्रयास है जिसमें महिलाएं बिना किसी भय, भेदभाव या उत्पीड़न के कार्य कर सकें। आने वाले वर्षों में यह पोर्टल कार्यस्थलों की संस्कृति को अधिक संवेदनशील, समान और सकारात्मक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।