UIDAI ने आधार कार्ड अपडेट कराने वाले लोगों को बड़ी राहत दी है। अब आधार कार्ड को फ्री में अपडेट कराने की अंतिम तारीख एक साल के लिए बढ़ा दी गई है। नए आदेश के मुताबिक अब देशवासी 14 जून 2027 तक बिना किसी शुल्क के अपना आधार अपडेट करा सकेंगे। इससे पहले यह सुविधा 15 जून 2026 तक उपलब्ध थी।
केवल ऑनलाइन मिलेगा फ्री अपडेट का फायदा
- UIDAI के अनुसार फ्री आधार अपडेट की सुविधा सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से myAadhaar पोर्टल पर उपलब्ध होगी।
- यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए है जिनका आधार कई साल पुराना हो चुका है और जिन्होंने अब तक कोई अपडेट नहीं कराया है।
आधार अपडेट नहीं कराया तो हो सकती है परेशानी
आधार कार्ड अपडेट कराना अब बेहद जरूरी माना जा रहा है। अगर आधार की जानकारी अपडेट नहीं होगी तो बैंकिंग, पेंशन, गैस कनेक्शन और कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ सकती है। इसके अलावा मोबाइल सिम और अन्य जरूरी सेवाओं में भी परेशानी हो सकती है।
ऑफलाइन अपडेट पर देनी होगी फीस
- अगर कोई व्यक्ति आधार सेंटर जाकर ऑफलाइन अपडेट कराता है तो उसे शुल्क देना होगा।
- UIDAI ने इसके लिए 50 से 75 रुपये तक फीस तय की है।
- नाम, पता, जन्मतिथि और जेंडर जैसी जानकारी ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपडेट की जा सकती है।
ऐसे करें ऑनलाइन आधार अपडेट
- myAadhaar पोर्टल पर जाएं
- 12 अंकों का आधार नंबर डालकर लॉगइन करें
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए OTP से वेरिफाई करें
- “Update Aadhaar Online” या “Document Update” विकल्प चुनें
- जरूरी जानकारी भरें और दस्तावेज अपलोड करें
- फॉर्म सबमिट करने के बाद SRN नंबर मिलेगा, जिससे स्टेटस ट्रैक किया जा सकेगा।