रांची - केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने रांची दौरे के दौरान शहर की खूबसूरती की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह पहली बार रांची आए हैं और बाइक से शहर घूमने के दौरान उन्हें इसे करीब से देखने का मौका मिला।
रांची बहुत सुंदर शहर है
केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू ने अपने बयान में आगे कहा कि, रांची बहुत सुंदर शहर है। यह दौरा केवल कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि एक योगदान की तरह भी है। वेस्ट एशिया में जो संकट की स्थिति बनी हुई है, उसमें देश किस तरह एकजुट होकर मुकाबला करे, उसी दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
एयरपोर्ट पर शुरू होगा ‘उड़ान यात्री कैफे’
राम मोहन नायडू ने बताया कि रांची एयरपोर्ट पर “उड़ान यात्री कैफे” की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के कई एयरपोर्ट्स पर यह सुविधा पहले से शुरू की जा चुकी है और यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। मंत्री ने कहा कि, यहां के लोगों की भी मांग थी कि रांची एयरपोर्ट पर उड़ान यात्री कैफे खोला जाए। इसका उद्देश्य एयरपोर्ट पर यात्रियों को कम कीमत में बेहतर खान-पान उपलब्ध कराना है।
यात्रियों को मिलेगी राहत
सरकार का मानना है कि इस पहल से एयरपोर्ट पर यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक खानपान सेवा मिल सकेगी। आमतौर पर एयरपोर्ट पर खाद्य पदार्थों की ऊंची कीमतों को लेकर शिकायतें आती रही हैं, ऐसे में यह कदम यात्रियों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।