रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सितंबर 2026 में भारत दौरे पर आएंगे। रूसी सरकार ने जानकारी दी है कि पुतिन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
पीएम मोदी ने दिसंबर 2025 में पुतिन की भारत यात्रा के दौरान उन्हें BRICS समिट में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया था। एक साल के भीतर यह पुतिन का दूसरा भारत दौरा होगा। वहीं प्रधानमंत्री मोदी भी इसी वर्ष रूस की यात्रा पर जा सकते हैं।
इससे पहले पुतिन दिसंबर 2025 में भारत आए थे, जहां उन्होंने पीएम मोदी के साथ 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा था। इससे पहले वह आखिरी बार 2021 में नई दिल्ली पहुंचे थे।
भारत कर रहा है BRICS समिट की मेजबानी
इस वर्ष भारत BRICS समूह की अध्यक्षता कर रहा है। BRICS दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है, जिसमें भारत, रूस, चीन, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के अलावा मिस्र, ईरान, इथियोपिया, यूएई और इंडोनेशिया जैसे नए सदस्य भी शामिल हो चुके हैं।
भारत की अध्यक्षता में पूरे साल देश के विभिन्न शहरों में मंत्रीस्तरीय बैठकें, कार्यकारी समूहों की चर्चाएं और कई महत्वपूर्ण सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
ग्लोबल साउथ और आर्थिक सहयोग पर फोकस
भारत ने अपनी BRICS अध्यक्षता के दौरान ‘ग्लोबल साउथ’ देशों की आवाज को मजबूत करने, बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था, आर्थिक सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और आतंकवाद विरोधी सहयोग जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी है।
भारत यह संदेश देने की कोशिश कर रहा है कि BRICS केवल राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि व्यापार, निवेश, तकनीक और विकास के क्षेत्र में भी एक मजबूत आर्थिक समूह बन सकता है।
रूस के विदेश मंत्री भी आए थे भारत
इस महीने की शुरुआत में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी भारत आए थे। उन्होंने BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया था। बैठक में पश्चिम एशिया तनाव, वैश्विक सुरक्षा, आतंकवाद, आर्थिक सहयोग और बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी।