नई दिल्ली। सितंबर का महीना शुरू हो चुका है और मानसून अब अपने आखिरी चरण में पहुंच गया है। इसके बावजूद देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक बादल जमकर बरस रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से आज भी देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज मौसम विभाग ने मध्यम बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 सितंबर को दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 4 सितंबर तक राजधानी में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
यूपी से झारखंड तक बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। प्रदेश के कई जिलों में आज भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मुरादाबाद, मथुरा, आगरा, सोनभद्र, कानपुर, मिर्जापुर, फतेहपुर, बांदा, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशांबी, कासगंज, हरदोई, मैनपुरी, इटावा, शामली, बदायूं, गोरखपुर, प्रयागराज और देवरिया में मौसम खराब रहने की संभावना है। बिहार के भी कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, झारखंड में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
पंजाब-हरियाणा और राजस्थान में भी बारिश का असर
पंजाब के कई जिलों में बारिश के साथ आंधी की चेतावनी जारी की गई है। हरियाणा में भी आज बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
राजस्थान में भी मानसून सक्रिय है। टोंक, अजमेर, अलवर, जैसलमेर, जयपुर, बाड़मेर, भरतपुर, कोटा, डूंगरपुर, फलोदी, डीडवाना, जोधपुर और पाली में भारी बारिश के साथ आंधी की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश जारी
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर थमने वाला नहीं है। आज गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 सितंबर तक अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में आज से 4 सितंबर और फिर 6 से 7 सितंबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में भी 7 सितंबर तक भारी बारिश के आसार हैं। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 सितंबर तक व्यापक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत में 7 सितंबर तक बारिश
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 7 सितंबर तक तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल और माहे के कई इलाकों में भी बारिश होने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम खराब
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। उत्तराखंड के चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर में भी बारिश और आंधी का दौर देखने को मिल सकता है। प्रदेश के कई इलाकों में आज मौसम खराब रहने की संभावना है।
7 सितंबर तक कई राज्यों में बारिश का दौर
कुल मिलाकर सितंबर की शुरुआत में मानसून अभी पूरी तरह कमजोर नहीं हुआ है। बंगाल की खाड़ी से उठी मौसमी हलचल के चलते देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों और पूर्वोत्तर से दक्षिण भारत तक कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।