नई दिल्ली: मेटा के स्वामित्व वाले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने यूजर्स की प्राइवेसी को और मजबूत बनाने के लिए वैश्विक स्तर पर Username Reservation फीचर की शुरुआत कर दी है। इस नए फीचर के जरिए अब यूजर्स अपना मोबाइल नंबर साझा किए बिना भी दूसरों से जुड़ सकेंगे। कंपनी ने बताया कि यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से सभी यूजर्स तक पहुंचाई जाएगी।
पहले से रिजर्व कर सकेंगे अपना पसंदीदा यूजरनेम
WhatsApp के अनुसार, यूजर्स ऐप में फीचर पूरी तरह उपलब्ध होने से पहले ही अपना पसंदीदा यूजरनेम रिजर्व कर सकेंगे। कंपनी का कहना है कि यह सुविधा इस साल के अंत तक सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी। जैसे ही किसी अकाउंट पर यह फीचर एक्टिव होगा, यूजर को ऐप के जरिए इसकी सूचना मिल जाएगी।
मोबाइल नंबर साझा किए बिना कर सकेंगे चैट
नए फीचर के बाद यूजर्स अपने मोबाइल नंबर की जगह एक यूनिक यूजरनेम के जरिए दूसरों से संपर्क कर सकेंगे। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह सोशल मीडिया हैंडल की तरह सार्वजनिक नहीं होगा। इसमें कोई पब्लिक डायरेक्टरी या सर्च सजेशन नहीं होगा और किसी व्यक्ति से संपर्क करने के लिए उसका सटीक यूजरनेम पता होना जरूरी होगा।
'Username Key' से मिलेगी अतिरिक्त सुरक्षा
WhatsApp ने सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए Username Key नाम का नया विकल्प भी पेश किया है। यदि कोई व्यक्ति पहली बार केवल यूजरनेम के जरिए संपर्क करना चाहता है, तो उसे पहले यह विशेष की दर्ज करनी होगी। इससे अनचाहे संदेशों और फर्जी संपर्कों से सुरक्षा मिलेगी। यूजर अपनी सुविधा के अनुसार इस की को कभी भी बदल सकेंगे।
प्राइवेसी को मिलेगा बड़ा फायदा
कंपनी का कहना है कि इस फीचर का मुख्य उद्देश्य यूजर्स की व्यक्तिगत जानकारी, खासकर मोबाइल नंबर, को सुरक्षित रखना है। अब लोग केवल अपना यूजरनेम साझा करके भी बातचीत शुरू कर सकेंगे, जिससे उनकी गोपनीयता पहले से अधिक सुरक्षित रहेगी।