नई दिल्ली: महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय और दिल्ली के कुछ हिस्सों में महिलाओं विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी दौरान प्रदर्शन में लगाए गए कुछ रचनात्मक और मजेदार नारों ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया। इन नारों के वीडियो और क्लिप इंटरनेट पर तेजी से चर्चा में हैं।
‘एक कचौड़ी दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा’
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं का एक वीडियो सामने आया, जिसमें ‘एक कचौड़ी दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा’ जैसे नारे सुनाई दे रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली विश्वविद्यालय की कुछ छात्राओं को भी इस तरह का नारा लगाते हुए देखा-सुना गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसी अंदाज में नए-नए स्लोगन लिखने का सिलसिला शुरू हो गया।
खाने-पीने की चीजों से जोड़े गए नए स्लोगन
वीडियो के कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने भी इसी तुकबंदी वाले अंदाज में कई नारे लिखे। इनमें ‘1 जीरा, 2 अजवाइन, मर्द जात तो रिजाइन’, ‘2 प्याज एक बिरयानी, हर मर्द की अलग कहानी’ और ‘गरम-गरम वड़ा पाव, मर्द जात सुधर जाओ’ जैसे कमेंट शामिल हैं। इन टिप्पणियों ने पूरे मामले को सोशल मीडिया पर और ज्यादा दिलचस्प बना दिया।
प्रदर्शन में सुनाई दिए दूसरे नारे
महिला प्रदर्शन के दौरान सिर्फ खाने-पीने से जुड़े नारे ही नहीं, बल्कि महिलाओं की स्वतंत्रता और सम्मान से जुड़े स्लोगन भी सुनाई दिए। इनमें ‘नहीं किसी के बाप की, नारी अपने आप की’, ‘शर्म नहीं है मर्दों में, औरत क्यों है पर्दों में’ और ‘क्यूटी नहीं, क्रांति हूं’ जैसे नारे शामिल बताए गए हैं।
सोशल मीडिया पर पुरुषों की ओर से भी आए जवाब
जहां प्रदर्शन से जुड़े वीडियो के कमेंट सेक्शन में महिलाओं की ओर से कई तुकबंदी वाले नारे देखने को मिले, वहीं कुछ पुरुष यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। एक कमेंट में लिखा गया, ‘1 इडली, 2 डोसा, हर मर्द नहीं एक जैसा।’ वहीं एक अन्य यूजर ने ‘मक्के की रोटी, सरसों का साग, नारी शक्ति जिंदाबाद’ लिखा। इस तरह प्रदर्शन के नारों से शुरू हुई चर्चा सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाओं में बदल गई।
मीम कल्चर से बदला प्रदर्शन का अंदाज
रिपोर्ट में इस पूरे ट्रेंड को प्रदर्शन के बदलते अंदाज से जोड़कर देखा गया है। सोशल मीडिया और मीम कल्चर के दौर में विरोध दर्ज कराने के लिए रचनात्मक और तुकबंदी वाले नारों का इस्तेमाल भी लोगों का ध्यान आकर्षित करने का माध्यम बन रहा है। दिल्ली में चल रहे महिला प्रदर्शनों से जुड़े इन नारों ने इसी वजह से ऑनलाइन काफी चर्चा बटोरी है।