लखनऊ में एअर इंडिया विमान की इमरजेंसी लैंडिंग,वाराणसी से उड़ान भरी थी
Air India Express की फ्लाइट IX 1253 ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद विमान के कार्गो हिस्से में स्मोक डिटेक्शन अलार्म बजने लगा।अलार्म मिलने के बाद पायलट ने तत्काल स्थिति की जानकारी लखनऊ एयरपोर्ट को दी और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
8:52 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा विमान
ATC से अनुमति मिलने के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया। फ्लाइट ने करीब 8:52 बजे लैंडिंग की। विमान के एयरपोर्ट पर पहुंचते ही रिस्पॉन्स टीम ने मोर्चा संभाल लिया।सुरक्षा के मद्देनजर फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंचे। विमान की तत्काल जांच शुरू की गई।
155 यात्रियों और क्रू को विमान से उतारा गया
लैंडिंग के बाद करीब 9:02 बजे विमान में सवार 155 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया।फायर ब्रिगेड और तकनीकी टीम ने विमान की जांच की। शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुएं का कोई संकेत नहीं मिला।
अलार्म क्यों बजा? इसकी जांच जारी
विमान में धुएं के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिलने के बाद अब यह पता लगाया जा रहा है कि कार्गो में स्मोक डिटेक्शन अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ।तकनीकी विशेषज्ञों की ओर से विमान की जांच की जा रही है। अलार्म के कारण का पता लगाने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेजा जाएगा
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को विमान से उतार लिया गया। अब यात्रियों को दूसरे विमान के जरिए दिल्ली भेजने की व्यवस्था की जाएगी।घटना के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने स्थिति को संभाला। शुरुआती जांच में धुआं नहीं मिलने से राहत की स्थिति है, लेकिन स्मोक अलार्म सक्रिय होने के कारणों की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।