लखनऊ - उत्तर प्रदेश की सियासत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के एक बयान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अखिलेश यादव के ‘चवन्नी को रुपया बना दिया’ वाले तंज पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) प्रमुख जयंत चौधरी ने पलटवार करते हुए उन पर पूरे जाट समाज को निशाना बनाने का आरोप लगाया। अब बसपा सुप्रीमो मायावती भी जयंत चौधरी के समर्थन में उतर आई हैं।
मायावती ने अखिलेश से मांगी माफी
मायावती ने अखिलेश यादव के बयान को अहंकारी और अशोभनीय बताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश को अपने बयान के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। मायावती के मुताबिक, यह टिप्पणी सिर्फ जयंत चौधरी और आरएलडी का अपमान नहीं है, बल्कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और जाट समाज के सम्मान से भी जुड़ा मामला है।
जयंत चौधरी ने भी बोला हमला
अखिलेश यादव के बयान पर जयंत चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी समाज को निशाना बनाना उचित नहीं है। जयंत ने इसे जाट समाज के सम्मान से जोड़ते हुए अखिलेश पर निशाना साधा।
मायावती ने याद दिलाया पुराना इतिहास
मायावती ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए सपा के पुराने राजनीतिक रवैये का भी जिक्र किया। उन्होंने 1993 के सपा-बसपा गठबंधन और उसके बाद दोनों दलों के बीच पैदा हुए मतभेदों के साथ-साथ चर्चित स्टेट गेस्ट हाउस कांड का भी उल्लेख किया। मायावती ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव पुराने राजनीतिक रवैये को दोहरा रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा, बसपा और आरएलडी के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। अब नजर इस बात पर है कि अखिलेश यादव मायावती और जयंत चौधरी के आरोपों पर क्या जवाब देते हैं।