पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में आयोजित जीएनआईओटी के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, उत्तरप्रदेश की राजनीति, कानून-व्यवस्था और प्रदेश के विकास को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश में युवाओं की सरकार सिर्फ मोदी सरकार है, जो युवाओं की बात सुनती है और उनकी जरूरतों के मुताबिक नीतियां बनाने का काम करती है।कार्यक्रम के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने उत्तर प्रदेश की पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए भाजपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं।
‘युवाओं की बात सुनती है मोदी सरकार’
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज देश में युवाओं को केंद्र में रखकर काम करने वाली सरकार मोदी सरकार है। उनके मुताबिक सरकार युवाओं की जरूरतों को समझते हुए शिक्षा, रोजगार और करियर से जुड़े अवसरों को बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
सपा-बसपा सरकारों पर साधा निशाना
उत्तरप्रदेश की पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि सपा और बसपा के शासनकाल में प्रदेश में गुंडाराज और माफिया का प्रभाव बढ़ गया था।उन्होंने भाजपा के नारे ‘सोच ईमानदार, काम दमदार’ का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है।
‘योगी सरकार ने माफिया राज खत्म किया’
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने उत्तरप्रदेश को माफिया राज से बाहर निकालने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सपा सरकार के दौरान माफियाओं का राजनीतिक प्रभाव काफी मजबूत था।उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की, जिससे प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है।
‘अब बेटियां सुरक्षित स्कूल-कॉलेज जा रही हैं’
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश की बेटियों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि अब बेटियां अपनी पढ़ाई जारी रखने के साथ नौकरी और करियर पर भी ध्यान दे सकती हैं।
युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार पर जोर
ओरिएंटेशन कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।