अयोध्या: भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में इस बार दीपावली का दीपोत्सव और भी भव्य रूप में मनाया जाएगा। 6 से 8 नवंबर तक होने वाले दीपोत्सव के दौरान पूरी रामनगरी को रामायण की थीम पर सजाया जाएगा। 7 नवंबर को मुख्य आयोजन में अयोध्या के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए जाएंगे। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने तैयारियों को लेकर यह जानकारी दी है।
56 घाटों पर जगमगाएंगे 30 लाख दीये
मुख्य दीपोत्सव के दौरान रामनगरी के 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाने की तैयारी है। सरकार के मुताबिक इस बार पिछले वर्ष की तुलना में करीब 3.83 लाख अधिक दीये जलाए जाएंगे।2025 में अयोध्या में 26,17,215 और 2024 में 25,12,585 दीये जलाए गए थे। इस बार दीपोत्सव को और भव्य बनाने के लिए दीयों की संख्या बढ़ाई गई है।
6 से 8 नवंबर तक होंगे कई कार्यक्रम
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक अयोध्या में 6 से 8 नवंबर तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य आयोजन 7 नवंबर को होगा। इस दौरान रामनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
आयोजन स्थलों और रास्तों की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए 10 प्रमुख स्थानों पर थीम आधारित वे-फाइंडर लगाए जाएंगे। इसके अलावा वर्टिकल स्क्रीन के जरिए भी श्रद्धालुओं को जरूरी जानकारी दी जाएगी।
रामकथा पार्क से सरयू तट तक दिखेगी रामायण की झलक
रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट समेत प्रमुख स्थानों को रामायण की थीम पर सजाया जाएगा। सजावट के जरिए रामायण के अलग-अलग कांड और प्रसंगों को दर्शाने की तैयारी है।इसका उद्देश्य बच्चों और नई पीढ़ी को रामायण की कथा और उसके प्रसंगों से जोड़ना भी है। पूरी अयोध्या में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
रामकथा पार्क का मंच भी नए कलेवर में
रामकथा पार्क में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी मंच को भी नए अंदाज में सजाया जाएगा। मंच पर एलईडी स्क्रीन, बेहतर साउंड और लाइटिंग के साथ थीम आधारित सजावट की जाएगी।मंच के दोनों तरफ सीढ़ियां और रंगोली की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही मंच पर बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भव्य रूप दिया जा सके।
लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली मार्ग पर बनेंगे भव्य गेट
दीपोत्सव के दौरान अयोध्या आने वाले प्रमुख मार्गों को भी आकर्षक तरीके से सजाया जाएगा। लखनऊ, सुल्तानपुर और रायबरेली की ओर से आने वाले रास्तों पर भव्य सजावटी प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।हर गेट की अलग थीम और पहचान होगी। रोशनी और रामायण आधारित सजावट से तैयार किए जाने वाले ये प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
पुष्पक विमान से आएंगे भगवान राम
दीपोत्सव के मुख्य आयोजन में भगवान श्रीराम के पुष्पक विमान से अयोध्या आगमन को भी विशेष रूप से दर्शाया जाएगा। इसके जरिए रामायण के उस प्रसंग को जीवंत करने की तैयारी है, जब भगवान राम लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे।
पिछले साल से ज्यादा दीये जलाने की तैयारी
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार इस बार करीब 30 लाख दीये जलाए जाएंगे। 2025 में 26,17,215 और 2024 में 25,12,585 दीये जलाए गए थे। इस लिहाज से इस बार पिछले साल की तुलना में करीब 3.83 लाख अधिक दीये जलाने की तैयारी है।दीपोत्सव की तैयारियों के साथ अयोध्या को रामायण की थीम पर सजाने से इस बार श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक अनुभव भी देने की कोशिश की जा रही है।