लखनऊ: अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के दर्शन को लेकर व्यवस्था में बदलाव किया गया है। राम जन्मभूमि परिसर के उप मंदिरों में सामान्य दर्शन पास की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। अब श्रद्धालु इन उप मंदिरों में बिना सामान्य पास के ही दर्शन कर सकेंगे। 1 सितंबर से ऑनलाइन सामान्य दर्शन पास की बुकिंग बंद कर दी जाएगी। इसके बाद उप मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को सामान्य पास लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
बिना पास के कर सकेंगे उप मंदिरों में दर्शन
राम जन्मभूमि परिसर के सभी उप मंदिरों में 13 अप्रैल से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू किए गए थे। शुरुआत में श्रद्धालुओं के लिए सुगम, विशिष्ट और सामान्य पास की व्यवस्था लागू की गई थी। हालांकि, मई से श्रद्धालुओं को बिना पास के भी उप मंदिरों में दर्शन की सुविधा मिलने लगी थी। इसके बाद सामान्य पास की उपयोगिता काफी कम हो गई। इसी को देखते हुए अब सामान्य पास की ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है।
सुगम दर्शन और आरती पास की बुकिंग रहेगी जारी
नई व्यवस्था के तहत सामान्य दर्शन के लिए किसी पास की जरूरत नहीं होगी। श्रद्धालु सीधे उप मंदिरों में जाकर दर्शन कर सकेंगे। वहीं, सुगम दर्शन और आरती पास की ऑनलाइन बुकिंग फिलहाल जारी रहेगी। इन दोनों श्रेणियों के पास के लिए पहले की तरह निर्धारित प्रक्रिया के तहत बुकिंग की जा सकेगी। दर्शन व्यवस्था में बदलाव का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाना और सामान्य दर्शन के लिए अनावश्यक पास प्रक्रिया को समाप्त करना है।