अयोध्या: सावन की विदाई से पहले रामनगरी अयोध्या आस्था, संगीत और उत्सव के रंग में सराबोर हो गई है। सावन पूर्णिमा स्नान और झूलनोत्सव के अंतिम पड़ाव में शामिल होने के लिए देशभर से श्रद्धालुओं का रेला अयोध्या पहुंच रहा है। गुरुवार शाम तक करीब तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के रामनगरी पहुंचने का अनुमान है। शुक्रवार को सावन पूर्णिमा के पावन स्नान के लिए श्रद्धालुओं की संख्या पांच लाख के पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं।
रामनगरी में आस्था का सैलाब
सावन पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु सरयू नदी में पवित्र स्नान कर मंदिरों में दर्शन-पूजन कर रहे हैं। रामनगरी के प्रमुख धार्मिक स्थलों और घाटों पर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।झूलनोत्सव के अंतिम चरण के चलते अयोध्या का धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल और भी उत्सवमय हो गया है। दूर-दराज से आए श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर सावन की विदाई को यादगार बना रहे हैं।
CCTV और ड्रोन से निगरानी
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। CCTV कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़ वाले इलाकों में पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात हैं। श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन का अनुमान है कि शुक्रवार को पूर्णिमा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी। ऐसे में घाटों और प्रमुख मार्गों पर भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।