लखनऊ: बैंकॉक से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब सफर के दौरान एक यात्री की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया।
यात्री की हालत बिगड़ने पर पायलट ने लिया फैसला
मिली जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E-1054 बैंकॉक से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान एक यात्री की तबीयत अचानक खराब हो गई। क्रू मेंबर्स ने इसकी जानकारी पायलट को दी, जिसके बाद पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी के तहत लैंडिंग की अनुमति मांगी।
रात करीब 10:55 बजे लखनऊ में सुरक्षित उतरा विमान
एटीसी से अनुमति मिलने के बाद विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रात करीब 10:55 बजे सुरक्षित उतारा गया। अचानक हुई इमरजेंसी लैंडिंग के कारण विमान में मौजूद यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए चिंता का माहौल रहा।
यात्री को अस्पताल में कराया गया भर्ती
विमान के लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचते ही मेडिकल टीम और एंबुलेंस को मौके पर तैनात किया गया। बीमार यात्री को तत्काल एयरपोर्ट से गोमती नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।
करीब एक घंटे लखनऊ में रुका विमान
मेडिकल इमरजेंसी के बाद विमान करीब एक घंटे तक लखनऊ एयरपोर्ट पर रुका रहा। इस दौरान अन्य यात्री विमान के अंदर ही मौजूद रहे। जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद फ्लाइट रात करीब 12:05 बजे दोबारा दिल्ली के लिए रवाना हो गई।