मथुरा | उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में पार्टी की दो दिवसीय बैठक के बाद 25 सूत्रीय एजेंडा तैयार किया गया है। इस ब्लूप्रिंट के तहत विधानसभा क्षेत्र से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा माइक्रो मैनेजमेंट के जरिए मतदाताओं तक पहुंच बनाने की योजना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस एजेंडे में जातीय समीकरणों की जानकारी जुटाने, प्रभावशाली लोगों की पहचान करने, नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं से संपर्क करने, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाने और सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने जैसे बिंदु शामिल हैं।
हर विधानसभा क्षेत्र का तैयार होगा सामाजिक और राजनीतिक डेटा
BJP के 25 सूत्रीय एजेंडे में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का विस्तृत सामाजिक और संगठनात्मक डेटा तैयार करने पर जोर दिया गया है। इसके तहत अलग-अलग मंडलों में जातियों की संख्या और उनके प्रमुख नेताओं की सूची बनाई जाएगी। इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में 100 सक्रिय महिलाओं की सूची तैयार करने और प्रत्येक मंडल से 25 सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान करने की योजना है। बूथ स्तर पर भी पांच सक्रिय और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का ब्योरा जुटाया जाएगा। पार्टी की योजना में नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं की पहचान कर उनसे संपर्क करना भी शामिल है। दूसरे राजनीतिक दलों के नाराज कार्यकर्ताओं की जानकारी जुटाने का भी निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र में जीते और हारे हुए ग्राम प्रधानों तथा अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सूची तैयार की जाएगी।
सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और कारोबारियों का भी जुटेगा ब्योरा
पार्टी का यह एजेंडा केवल राजनीतिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों तक सीमित नहीं है। इसमें विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले और काम करने वाले विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने की योजना भी शामिल है। इसके तहत ग्रामसभा स्तर पर ऐसे सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की सूची बनाई जाएगी, जो नौकरी के कारण अपने क्षेत्र से बाहर रहते हैं। सरकारी और निजी क्षेत्र के कर्मचारी, शिक्षक, ग्राम पंचायत अधिकारी तथा शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों का भी डेटा तैयार किया जाएगा। इसके अलावा सक्रिय एनजीओ, उनके संचालकों, प्रमुख गायकों, खिलाड़ियों और अन्य ख्याति प्राप्त व्यक्तियों की पहचान की जाएगी। ठेकेदारों, कोटेदारों, किसानों, व्यापारियों और उद्योगपतियों की सूची भी बनाई जाएगी। विधानसभा क्षेत्र के मठों, मंदिरों और गुरुद्वारों का ब्योरा जुटाने की योजना भी एजेंडे में शामिल है।
महिला, युवा और पिछड़ा मोर्चा को सक्रिय करने की तैयारी
BJP अपने विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में अधिक सक्रिय करने पर जोर देगी। इसके तहत महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा और पिछड़ा मोर्चा से जुड़े कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने की योजना है। सहकारी संस्थाओं के जरिए भी संपर्क बढ़ाने की तैयारी की गई है। एजेंडे में प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS), डेयरी, सरकारी बैंकों और अन्य सहकारी संस्थाओं के सदस्यों से संपर्क करने का बिंदु शामिल है।
हर बूथ पर 11 बाइकर्स, सप्ताह में एक बार निकालेंगे यात्रा
25 सूत्रीय एजेंडे में बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के लिए खास व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर 11 मोटरसाइकिल वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। ये कार्यकर्ता सप्ताह में एक बार मोटरसाइकिल यात्रा निकालेंगे। इसके अलावा हर बूथ पर पांच स्थानों पर कमल का चुनाव चिह्न पुतवाने की योजना है। लाभार्थियों के घर जाकर चाय-पानी के दौरान उनसे संवाद और संपर्क बढ़ाने का निर्देश भी एजेंडे में शामिल किया गया है। पार्टी का जोर चुनाव के नजदीक आने पर ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से बूथ स्तर पर लोगों के बीच संपर्क बनाए रखने पर है।
दलित मतदाताओं और नए वोटरों पर भी रहेगा फोकस
BJP के ब्लूप्रिंट में अनुसूचित जाति वर्ग और दलित मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए भी अलग रणनीति शामिल की गई है। इसके तहत दलित मतदाताओं के बीच 10 नए सदस्य बनाने और अनुसूचित जाति वर्ग में नए मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर काम करने की बात कही गई है। इसके साथ ही बूथ स्तर पर मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए सामाजिक संपर्क योजना तैयार करने का बिंदु भी एजेंडे में शामिल है। संघ के विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के परिवारों का दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच मतदान सुनिश्चित कराने की व्यवस्था बनाने की बात भी कही गई है।
हर विधानसभा क्षेत्र से 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की पहचान
डिजिटल प्रचार और सोशल मीडिया को भी BJP के 25 सूत्रीय एजेंडे में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की सूची तैयार की जाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगे चलकर इन इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से सरकार और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की योजना है। कुल मिलाकर, मथुरा की दो दिवसीय बैठक के बाद तैयार किया गया यह 25 सूत्रीय ब्लूप्रिंट BJP की आगामी विधानसभा चुनाव की संगठनात्मक रणनीति को दर्शाता है। पार्टी विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर पर डेटा जुटाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और विभिन्न सामाजिक व पेशेवर समूहों तक पहुंच बनाने की तैयारी कर रही है।