लखनऊ। लोधी समाज को जोड़ने और राजनीतिक रूप से मजबूत करने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी की ओर से बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कल प्रेरणा स्थल के पास वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में लोधी समाज के प्रमुख नेता और विधायक भी मौजूद रहेंगे। बीजेपी की ओर से इसे समाज के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
6 फीसदी आबादी, 125 सीटों पर प्रभाव
उत्तर प्रदेश की राजनीति में लोधी समाज को एक प्रभावशाली OBC समुदाय माना जाता है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में करीब 6 फीसदी आबादी वाला यह समाज लगभग 125 विधानसभा सीटों पर चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। ऐसे में बीजेपी का फोकस लोधी समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर है।
रानी अवंतीबाई की विरासत को मिलेगा सम्मान
रानी अवंतीबाई लोधी को 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना के तौर पर याद किया जाता है। उनकी प्रतिमा का अनावरण कर बीजेपी सामाजिक और ऐतिहासिक गौरव से जुड़े मुद्दों को भी मजबूती देने की कोशिश करेगी। कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी की तैयारी है।
CM योगी और राजनाथ सिंह की मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राजनाथ सिंह की मौजूदगी इसे और महत्वपूर्ण बना रही है। बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लोधी समाज के नेताओं और विधायकों की मौजूदगी में सामाजिक एकजुटता और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिए जाने की उम्मीद है।