उत्तरप्रदेश की दलित राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने बसपा नेता आकाश आनंद को लेकर बड़ा बयान दिया है।चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि उनके लिए आजाद समाज पार्टी के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि भले ही आकाश आनंद अतीत में उनकी आलोचना करते रहे हों, लेकिन उनके मन में आकाश आनंद के प्रति छोटे भाई जैसा भाव हमेशा रहा है।
‘साथ आए तो मिलकर मिशन को आगे बढ़ाएंगे’
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अगर आकाश आनंद उनके साथ आते हैं तो दोनों मिलकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के मिशन को आगे बढ़ाने का काम कर सकते हैं।उन्होंने कहा, “आकाश आनंद छोटे भाई जैसे हैं। साथ आए तो महापुरुषों के जो अधूरे काम रह गए हैं, उसको मिलकर हम लोग पूरा करेंगे।”आजाद के इस बयान को उत्तर प्रदेश की दलित राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
‘BSP में मेरे रास्ते बंद, लेकिन ASP के दरवाजे खुले’
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी में उनके लिए रास्ते पूरी तरह बंद हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि बाबा साहब के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए आजाद समाज पार्टी में आकाश आनंद के लिए दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि आकाश आनंद ने उनकी काफी आलोचना की है, लेकिन इसके बावजूद वह उन्हें छोटे भाई के रूप में ही देखते हैं।
जो साथ आना चाहे, उसका स्वागत: चंद्रशेखर
आजाद समाज पार्टी प्रमुख ने अपने संगठन को लेकर भी बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी बाबा साहब के मिशन और विचारों को आगे बढ़ाने के लिए काम करने वाले हर व्यक्ति का स्वागत करेगी।उनके मुताबिक, जो भी व्यक्ति बाबा साहब, उनके मिशन और विचारों को आगे बढ़ाने के लिए साथ काम करना चाहता है, आजाद समाज पार्टी उसके लिए तैयार है।
मायावती ने आकाश आनंद को फिर पार्टी से किया बाहर
चंद्रशेखर आजाद का यह बयान ऐसे समय आया है, जब आकाश आनंद को बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी से बाहर कर दिया है।इससे पहले मायावती ने उन्हें बसपा के राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाया था। शनिवार को जारी बयान में मायावती ने परिवार के किसी सदस्य को आगे पार्टी में शामिल करने को लेकर भी अपना रुख स्पष्ट किया है।ऐसे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच चंद्रशेखर आजाद का आकाश आनंद को खुला ऑफर उत्तर प्रदेश की दलित राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।