गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक महिला ने ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित अपने पति के ऑपरेशन और इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने महिला को भरोसा दिलाया कि उनके पति के उपचार में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सीएम ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
ब्रेन स्ट्रोक पीड़ित के इलाज के लिए मिलेगी मदद
जनता दर्शन के दौरान एक महिला अपने बीमार पति के इलाज में मदद मांगने पहुंची थी। महिला ने बताया कि उसके पति ब्रेन स्ट्रोक से पीड़ित हैं और उनके ऑपरेशन की जरूरत है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला से पति के अब तक हुए इलाज की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा, 'घबराइए मत, आपके पति के उपचार में कोई दिक्कत नहीं आने देंगे। इसके लिए विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।'
बीमार महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश
जनता दर्शन में एक अन्य बीमार महिला भी अपनी समस्या लेकर पहुंची थी। मुख्यमंत्री ने उसकी स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को समुचित उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश दिए।रविवार को आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री करीब 150 लोगों से मिले।
शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण करने को कहा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाई जाए।उन्होंने कहा कि हर शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक तरीके से होना चाहिए। लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े। सरकार प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी।
भू-माफिया और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में जमीन पर कब्जे और अपराध से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को भू-माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जमीन कब्जाने और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।