लखनऊ: उत्तरप्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, ''अयोध्या हमारी हुई, अब मथुरा की बारी है। अखिलेश यादव जरूर आएं, भगवान श्रीकृष्ण की भूमि पर आएं। कारसेवा में हिस्सा लें, मैं भी उनके साथ रहूंगा।'' उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में मथुरा का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।
अखिलेश यादव को केशव मौर्य की चुनौती
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को मथुरा आने की चुनौती देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की धरती पर उनका स्वागत है। उन्होंने कारसेवा में शामिल होने की बात भी कही और कहा कि वह खुद भी उनके साथ रहेंगे।
2027 में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी BJP
केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, अपराध और माफियाओं का बोलबाला था, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद स्थिति में बड़ा बदलाव हुआ है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डबल इंजन की सरकार ने कई महत्वपूर्ण काम किए हैं।
'सपा के मुंगेरी लाल के हसीन सपने चूर-चूर हो जाएंगे'
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने कहा कि सपा के मुंगेरी लाल के हसीन सपने चूर-चूर हो जाएंगे। उन्होंने भाजपा के वोट बैंक को लेकर दावा किया कि 60 प्रतिशत वोट हमारा है और 40 प्रतिशत वोट में बंटवारा है। उस 40 प्रतिशत में भी भाजपा का हिस्सा है।
'डबल इंजन की सरकार ने बहुत काम किया'
डिप्टी सीएम ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने विकास के कई काम किए हैं। भाजपा ही विकसित भारत के साथ विकसित उत्तरप्रदेश का निर्माण करेगी।उन्होंने कहा कि भाजपा ही भरोसा है और भाजपा ही विश्वास है। केशव मौर्य ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
UP चुनाव से पहले मथुरा मुद्दे पर सियासत तेज
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। केशव प्रसाद मौर्य के अयोध्या और मथुरा को लेकर दिए गए बयान ने चुनावी चर्चा को नया मुद्दा दे दिया है। अब इस बयान पर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया पर भी राजनीतिक नजरें रहेंगी।