लखनऊ: लखनऊ के चर्चित ICICI बैंक अधिकारी दिव्या मिश्रा हत्याकांड और उनके पति मानस वाजपेयी की मौत के मामले में नया अपडेट सामने आया है। दिव्या की बहन और पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मानस पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और घरेलू हिंसा का आरोप लगाया है। प्रज्ञा ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि शादी के शुरुआती दिनों से ही मानस का व्यवहार दिव्या के प्रति ठीक नहीं था। उनके मुताबिक, शादी की पहली रात ही घर के खर्चों को लेकर दोनों के बीच बातचीत हुई थी और मानस ने खर्च का आधा हिस्सा दिव्या से उठाने की बात कही थी।
छोटी-छोटी बातों पर मारपीट का आरोप
प्रज्ञा मिश्रा ने आरोप लगाया कि समय के साथ घरेलू विवाद बढ़ते गए और मानस कथित तौर पर छोटी-छोटी बातों पर दिव्या के साथ मारपीट करता था। पोस्ट में उन्होंने एक उदाहरण देते हुए दावा किया कि ऑनलाइन ग्रॉसरी से मंगाई गई कोई चीज खराब निकलने पर भी दिव्या को जिम्मेदार ठहराकर उसके साथ मारपीट की जाती थी। उन्होंने मानस और उसकी बहन तुलिका पर अपनी बीमार मां के साथ भी मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की जांच के आधिकारिक निष्कर्ष का इंतजार है।
दिव्या का पीछा करने का भी दावा
प्रज्ञा के मुताबिक, मानस कथित तौर पर दिव्या का पीछा करता था और उसकी गतिविधियों को लेकर बेहद असुरक्षित रहता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि तनाव के बीच कुछ समय पहले दिव्या का एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उसके हाथ और पैर में चोटें आई थीं। लंबे इलाज के बाद दिव्या ने हाल ही में दोबारा चलना शुरू किया था। प्रज्ञा ने दावा किया कि घटना के दिन भी दिव्या दर्द में थी।
रिश्ते को बचाना चाहती थी दिव्या
प्रज्ञा ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि तमाम परेशानियों के बावजूद दिव्या अपने रिश्ते को बचाना चाहती थी। उनके मुताबिक, दिव्या ने अपने हाथ पर बना मानस के नाम का टैटू भी नहीं हटवाया था और वह हरतालिका तीज का व्रत रखने की तैयारी कर रही थी।
मां को अब तक नहीं बताई बेटी की मौत
इस पूरे घटनाक्रम के बीच दिव्या की बीमार मां को अभी तक बेटी की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। प्रज्ञा के मुताबिक, परिवार ने उन्हें फिलहाल यही बताया है कि दिव्या की हालत गंभीर है। मामले में सोशल मीडिया पर सामने आ रहे दावों और आरोपों के बीच पुलिस जांच महत्वपूर्ण है। दिव्या की बहन द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।